लाइफस्टाइल
Eye Palming Technique: मोबाइल-लैपटॉप की स्क्रीन पर ज्यादा समय बिताने की वजह से आंखों में थकान और जलन लालिमा और भारीपन होना आम है. इन समस्याओं को दूर करने के लिए आप आई पामिंग का सहारा ले सकते हैं.
Eye Palming Technique: आज के समय में लोगों का ज्यादातर समय मोबाइल-लैपटॉप की स्क्रीन पर बीतता है. इसका बुरा असर आंखों पर पड़ता है. कई बार लोगों को ज्यादा समय तक मोबाइल-लैपटॉप चलाने की वजह से आंखों में थकान और जलन जैसी समस्याएं महसूस होती हैं. इस स्थिति में लालिमा और भारीपन होना आम सी बात हो गई है. ऐसे में बेहद सरल आई पामिंग के अभ्यास से आंखों की थकान को दूर किया जा सकता है.
भारत सरकार का आयुष मंत्रालय 'आई पामिंग' को आंखों की थकान को दूर करने का सबसे आसान और असरदार इलाज बताता है. यह प्राचीन योग तकनीक बिना किसी खर्च के घर बैठे ही आंखों को तुरंत राहत देने में मददगार है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आई पामिंग करने से स्क्रीन की नीली रोशनी से होने वाला तनाव कम होता है. इससे आंखों की थकी हुई मांसपेशियां रिलैक्स होती हैं, सिरदर्द और माथे का भारीपन दूर होता है.
यह भी पढ़ें: उदासी मन पर रहती है हावी तो बस ये छोटा सा काम कर लें, स्ट्रेस-टेंशन अपने आप होगा छूमंतर
'आई पामिंग' इसके नियमित अभ्यास से आंखें स्वस्थ रहती हैं. साथ ही रात में अच्छी नींद आती है. बच्चे हों या बड़े, हर उम्र के लोग इसे आसानी से कर सकते हैं, यह हर आयु वर्ग के लिए सुरक्षित है.
इसे करने का तरीका बेहद सरल है. इसके लिए सबसे पहले आराम से सीधे बैठ जाएं और अपने दोनों हथेलियों को आपस में तेजी से रगड़कर गर्माहट लाएं. आंखें पूरी तरह बंद कर लें. इसके बाद हथेलियों को कप जैसा गोल करके आंखों पर इस तरह रखें कि कोई दबाव न पड़े, नाक को सांस लेने की पूरी जगह मिले और चारों तरफ से रोशनी न आए.
कोहनी को टेबल या घुटनों पर टिका लें, ताकि हाथ न थके. कंधे और चेहरे को ढीला छोड़कर धीमी-गहरी सांस लें और दिमाग में सिर्फ गहरा काला रंग देखने की कोशिश करें. बस 1 से 5 मिनट तक ऐसा करें.
दिन में तीन-चार बार पामिंग करने से कुछ ही हफ्तों में आंखों की सेहत में सुधार दिखने लगता है. ऑफिस में ब्रेक के दौरान, बच्चों को पढ़ाई के बाद या रात को सोने से पहले इसका अभ्यास कभी भी किया जा सकता है. इनपुट आईएएनएस
Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है. डीएनए इसकी जिम्मेदारी या पुष्टी नहीं करता है. अधिक जानकारी के लिए डॉक्टर से संपर्क करें.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से