लाइफस्टाइल
ब्लड प्रेशर बढ़ने से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. अगर इसे समय रहते नियंत्रित न किया जाए तो हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी फेलियर का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं एक ऐसी चीज के बारे में जो हाई ब्लड प्रेशर का कारण बन सकती है.
हाई ब्लड प्रेशर आजकल एक गंभीर समस्या है, जो लोगों में काफी बढ़ती जा रही है. इसे 'साइलेंट किलर' भी कहा जाता है क्योंकि इसके लक्षण जल्दी सामने नहीं आते, लेकिन इससे हृदय रोग, स्ट्रोक और किडनी फेलियर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. हाई बीपी को नियंत्रित करने में लाइफस्टाइल और खान-पान का बड़ा रोल होता है. हमारी डेली डाइट में कई ऐसी चीजें शामिल होती हैं जो अनजाने में ब्लड प्रेशर बढ़ा सकती हैं. आज हम एक ऐसी ही आम चीज के बारे में बात करेंगे जो सीधे आपके ब्लड प्रेशर को प्रभावित कर सकती है और जिसे आपको अपनी डाइट से कम या बंद कर देना चाहिए. वह चीज है नमक. यह हमारे खाने का स्वाद बढ़ाता है, लेकिन इसका अधिक सेवन हमारे शरीर के लिए खतरनाक हो सकता है. जब हम बहुत ज़्यादा नमक खाते हैं, तो हमारे ब्लड फ्लो में सोडियम का स्तर बढ़ जाता है जो सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है. आइए यहां जानते हैं कि ज्यादा नमक खाने से कौन-कौन सी स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं.
किडनी पर बुरा असर
किडनी हमारे शरीर से अतिरिक्त तरल पदार्थ और वेस्ट प्रोडक्ट्स को फिल्टर करने का काम करते हैं. जब हम बहुत ज्यादा नमक खाते हैं, तो किडनी को अतिरिक्त सोडियम को निकालने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. लंबे समय तक यह अतिरिक्त काम किडनी पर दबाव डालता है और किडनी की बीमारी होने का कारण बन सकता है.
शरीर में सूजन
नमक का ज्यादा सेवन शरीर में पानी के जमाने का कारण बन सकता है, जिसे वॉटर रिटेंशन या एडिमा कहा जाता है. यह पैरों, टखनों, हाथों और चेहरे पर सूजन के रूप में दिखाई दे सकता है. यह न केवल असहज होता है बल्कि दिल और किडनी पर अतिरिक्त दबाव भी डालता है.
हड्डियों का कमजोर होना
बहुत ज़्यादा नमक खाने से शरीर से ज़्यादा कैल्शियम निकल सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं. कैल्शियम हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण मिनरल है, और इसकी कमी से ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है.
हाई ब्लड प्रेशर
हाई ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा नमक खाने का सबसे प्रमुख और खतरनाक परिणाम है. नमक में मौजूद सोडियम खून की मात्रा को बढ़ाता है, जिससे ब्लड वेसल्स पर दबाव पड़ता है और ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है. हाई ब्लड प्रेशर हृदय रोग और स्ट्रोक का कारण हो सकता है.
यह भी पढ़ें:पहलगाम अटैक के बाद कैंसिल कर दिया कश्मीर का ट्रिप? तो इन जगहों का बनाएं प्लान, भूल जाएंगे विदेश
दिल की बीमारियां
हाई ब्लड प्रेशर सीधे दिल पर अतिरिक्त दबाव डालता है. इससे दिल की मांसपेशियों को अधिक मेहनत करनी पड़ती है, जिससे समय के साथ दिल कमजोर हो सकता है और दिल का दौरा औरहार्ट फेलियर जैसी गंभीर समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है.
किन चीजों में ज्यादा नमक होता है
आजकल लोगों की डेली डाइट में ज्यादातर नमक पैकेज्ड और प्रोसेस्ड फूड्स से आता है. ब्रेड, बिस्किट, नमकीन, चिप्स, अचार, चटनी, सॉस, पैकेज्ड सूप, रेडी-टू-ईट मील और फास्ट फ़ूड सभी में सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है, जो ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती है. अगर आप हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं या इससे बचना चाहते हैं, तो आज से ही नमक का सेवन कम कर दें.
(Disclaimer: हमारा लेख केवल जानकारी प्रदान करने के लिए है. अधिक जानकारी के लिए डॉक्टर से संपर्क करें.)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.