लाइफस्टाइल
How To Grow Rosemary Plant: आज हम आपको ऐसे आसान उपाय के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप आसानी से घर में रोजमेरी का पौधा उगा सकते हैं.
How to grow rosemary plant at home- रोजमेरी उन पौधों में से एक है, जो सुगंधित होने के साथ-साथ कई बीमारियों में जड़ी-बूटी का काम करती है. यह एक सदाबहार जड़ी बूटी है. ऐसे में सजावटी सुंदरता और स्वास्थ्य लाभों के लिए कई लोग इसे घर में लगाना पसंद करते हैं. बता दें कि अगर सही तरीके से इसकी देखभाल की जाए तो घर के अंदर या बाहर दोनों जगह आसानी से यह पौधा पनप जाता है.
ऐसे में आज हम आपको ऐसे आसान (Gardening Tips) उपाय के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आप आसानी से घर में रोजमेरी का पौधा उगा सकते हैं तो आइए जानते हैं इसके बारे में...
सही जगह: बता दें कि रोजमेरी को सूरज की रोशनी की जरूरत होती है और इस पौधे को रोजाना कम से कम 6 से 8 घंटे सीधी धूप चाहिए. घर के अंदर उगाने के लिए दक्षिण की ओर वाली खिड़की या धूप वाली बालकनी इसके लिए सही जगह हो सकती है.
गमला और मिट्टी: जड़ की सड़न को रोकने के लिए जल निकासी छेद वाले गमले का इस्तेमाल करना चाहिए. इसके अलावा मिट्टी भी अच्छी जल निकासी वाली चुनें, इसके लिए गमले की मिट्टी, रेत या परलाइट का मिश्रण इस्तेमाल किया जा सकता है.
कैसे लगाएं: बता दें कि आप रोजमेरी को बीज, कटिंग या नर्सरी से खरीदे गए पौधों से लगा सकते हैं. कटिंग इसमें से सबसे आसान तरीका है. इसके लिए 4-6 इंच की स्वस्थ कटिंग लें और निचली पत्तियों को हटाकर जड़ों के विकसित होने तक पानी या नम मिट्टी में रखें.
पानी कैसे दें: इस पौधे को सिर्फ तभी पानी दें जब ऊपरी मिट्टी सूखी लगे, क्योंकि रोजमेरी के पौधे को सूखा रहना पसंद है और ज्यादा पानी देने से पौधे को नुकसान हो सकता है. सर्दियों के मौसम में पानी देने की आवृत्ति और भी कम कर दें.
कटाई-छंटाई: इसके अलावा झाड़ियों की वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए नियमित रूप से छंटाई करें, साथ ही खाना पकाने के लिए जरूरत पड़ने पर ऊपर की पत्तियों को काट लें या छोटी टहनियां काट कर हटा दें. वहीं सर्दियों में ज्यादा छंटाई से बचना चाहिए.
खाद: इसके अलावा वसंत और गर्मियों के दौरान महीने में एक बार संतुलित और मात्रा में खाद जरूर दें. इससे पौधों के ग्रोथ अच्छी होगी और सालभर पौधा हरा-भरा दिखेगा...
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.