लाइफस्टाइल
Homemade Condensed Milk: आज हम आपको आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिससे घर बैठे आप बाजार जैसा गाढ़ा कंडेंस्ड मिल्क बना सकते हैं, वो भी कम खर्च में. इतना ही नहीं, यह आपकी सेहत पर भी भारी नहीं पड़ेगा..
Homemade Condensed Milk: कंडेंस्ड मिल्क, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर मिठाइयों और डेजर्ट का स्वाद बढ़ाने के लिए किया जाता है. बाजार में काफी महंगा मिलता है. लंबे समय तक इसे सुरक्षित रखने के लिए इसमें कुछ प्रिजर्वेटिव्स भी मिलाए जाते हैं. लेकिन, आज हम आपको आसान रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिससे घर बैठे आप बाजार जैसा गाढ़ा कंडेंस्ड मिल्क बना सकते हैं, वो भी कम खर्च में. इतना ही नहीं, यह आपकी सेहत पर भी भारी नहीं पड़ेगा.
बाजार में जो कंडेंस्ड मिल्क मिलता है, उसमें चीनी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. हाल ही में श्वेता खैरनार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर आसान ट्रिक बताया है, जिससे आप बिना चीनी के घर पर ही इसे तैयार कर सकते हैं. आइए जानें इसके बारे में..
बता दें कि इसके लिए आपको बाहर से कुछ खास लाने की जरूरत नहीं है, रसोई में मौजूद बेसिक चीजों से ही यह तैयार हो जाता है. इसे बनाने के लिए इन चीजों की जरूरत होगी- आधा कप मिल्क पाउडर, एक चौथाई कप गुनगुना दूध, शुगर-फ्री स्वीटनर (चीनी के स्वाद के बराबर), एक चौथाई चम्मच वनीला एसेंस और एक चुटकी नमक. बता दें कि अपनी पसंद के अनुसार मीठा कंट्रोल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: इस फल की वजह से मिस हो जाएगी फ़्लाइट, लगेगी हजारों की चपत! जानिए क्यों इसपर लगा है बैन
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक ब्लेंडर जार लें और उसमें मिल्क पाउडर, अपनी पसंद का शुगर-फ्री स्वीटनर, वनीला एसेंस और एक चुटकी नमक डाल दें. इसके बाद इसमें गुनगुना दूध डालें. इस बात का ध्यान रखें कि दूध न ज्यादा ठंडा हो और न ही उबलता हुआ, गुनगुना दूध पाउडर को जल्दी घोलने में मदद करता है. इसके बाद जार का ढक्कन बंद करें और इसे 30 से 45 सेकंड तक लगातार चलाएं. मिश्रण बिल्कुल स्मूथ और मलाईदार हो जाए तो समझ लीजिए आपका कंडेंस्ड मिल्क तैयार है. बता दें कि मिक्सी में चलाने से इसमें हवा भरती है, जिससे यह हल्का और फ्लफी बनता है, जो मिठाइयों के टेक्सचर को बेहतर बनाता है.
मिल्क पाउडर की क्वालिटी की वजह से अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा हो जाए और आपको लगे कि यह बहुत ज्यादा थिक है तो इसमें एक-एक चम्मच करके गुनगुना पानी डालें और दोबारा ब्लेंड करें. ऐसा तब तक करें जब तक आपको बाजार जैसा परफेक्ट टैक्सर ना मिल जाए. फिर इसे आप तुरंत अपनी आइसक्रीम, शेक या खीर में इस्तेमाल कर सकते हैं. इसमें चीनी नहीं पड़ी है और न ही इसे पकाया गया है तो इसे आप एक एयरटाइट कांच के जार में भरकर फ्रिज में रखें. इससे हफ्ते भर तक बिल्कुल ताजा बना रहेगा. बाद में उपयोग करने से पहले इसे एक बार चम्मच से मिला लें और इस्तेमाल करें.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से