लेटेस्ट न्यूज
UP Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में मानसून ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है, लेकिन साथ ही कई राज्यों में इसके साथ प्राकृतिक आपदाओं का खतरा भी बढ़ा है.
देश के कई हिस्सों में गर्मी से राहत की बौछारें बरसने लगी हैं. बीते 15 दिनों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में अटका हुआ मानसून अब देश के उत्तर, मध्य और पूर्वी हिस्सों में रफ्तार पकड़ चुका है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तय समय से पहले राजस्थान और मध्य प्रदेश में सक्रिय हो गया है, वहीं उत्तर प्रदेश और झारखंड में भी यह सामान्य से कुछ ही दिन देर से दस्तक दे चुका है.
सोमवार को मध्य प्रदेश की सीमा में दाखिल हुआ मानसून अब पूरे राज्य में सक्रिय हो चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभागों में अच्छी बारिश की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है.
उत्तर प्रदेश में मानसून सामान्यत 13 जून को प्रवेश करता है. इस बार यह कुछ दिन देर से आया, लेकिन अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. बुधवार को सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर सहित पूर्वी यूपी के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग ने लखनऊ सहित 40 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
बिहार में मानसून की शुरुआत के साथ ही आफत भी बरस गई. पिछले 24 घंटों में बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो चुकी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीड़ित परिवारों को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
झारखंड के अधिकांश हिस्सों को कवर करने के बाद मानसून वहां भी सक्रिय है. 18-19 जून को भारी से अत्यधिक बारिश की संभावना है. रांची प्रशासन ने 19 जून को स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है. ओडिशा में भी पिछले 24 घंटों में महत्वपूर्ण वर्षा दर्ज की गई है.
पंजाब में 21 से 23 जून तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.