भारत
)
झांसी के ककरबई थाना में गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत के बेटे राहुल की थाने में दबंगई कर थानेदार को हड़काने का वीडियो सामने आया है. वायरल हो रहे वीडियो में विधायक का बेटा थाने में खड़े होकर थानेदार पर अवैध खनन करने का आरोप लगा रहा है. दरअसल ग्राम खरवॉच में बालू का खनन होता है. प्रतिदिन सैकड़ों गाड़ियां बालू की यहां से भर कर जाती हैं. बालू की गाड़ी भरने की बात को लेकर विधायक का बेटा राहुल राजपूत लाव लश्कर के साथ बालू घाट पर पहुंच गया. घाट पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ उसने मारपीट की और ऑफिस में तोड़फोड़ कर दी. पीड़ित कर्मचारी ने आरोप लगाते हुए कहा यहां पर टोकन लूटने आए थे. जब हमने मना किया तो हमारे साथ मारपीट की और टोकन में आग लगाने के लिए डीजल से भरे ड्रम फैला दिए. गरौठा विधायक का बेटा राहुल राइफल ताने हुए थे और उनके साथ 25 से 30 लड़के थे सबके हाथों में लाठी डंडे थे. ऑफिस में तोड़फोड़ की जब पुलिस से शिकायत की तो पुलिस आई और सभी लोगों को थाने ले गई थी.