राज्य
Delhi Fire Case: मुंडका अग्निकांड में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक मनीष लाकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है.
डीएनए हिंदीः दिल्ली के मुंडका अग्निकांड (Mundka fire) मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग के मालिक मनीष लाकड़ा को गिरफ्तार कर लिया है. 13 मई की शाम को मुंडका इलाके में एक कमर्शियल इमारत में शुक्रवार शाम को आग लगी थी. इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई थी. कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. जिस समय यह घटना हुई तब कई लोग एक सेमिनार में मौजूद थे. लोगों को बिल्डिंग के बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला.
दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में हरीश और वरुण गोयल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है. दरअसल बिल्डिंग मालिक मनीष लाकड़ा, उसकी मां और पत्नी के अलावा किराए पर प्रॉपर्टी लेने वाले दोनों भाइयों हरीश और वरुण गोयल के खिलाफ इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ेंः Fire in Mundka: अब तक 27 की मौत, PM ने जताया दुख, किया मदद का ऐलान
छत से कूदे लोग, खिड़कियां तोड़ी, कैसे हुआ लोगों का रेस्क्यू?
दिल्ली फायर ब्रिगेड के मुताबिक आग की चपेट में आई इमारत में फंसे कई लोगों को खिड़की से बाहर निकाला गया. वहीं कई लोग डर की वजह से बिल्डिंग से कूद गए और घायल हो गए. लोगों को रस्सियों और एक ट्रक के ऊपर रखी गई एक फायर फाइटर सीढ़ी की मदद से खिड़की से बाहर निकलते देखा गया.
कैसे जानलेवा बन गया मुंडका अग्निकांड?
मुंडका में मेट्रो स्टेशन के पास बनी 3 मंजिला इमारत एक कॉमर्शियल बिल्डिंग है. यह बिल्डिंग अलग-अलग कंपनियों को किराए पर दी गई है. जब यह बिल्डिंग आग की चपेट में आई तब इमारत में करीब 150 लोग काम कर रहे थे. शुक्रवार शाम करीब 4 बजकर 45 मिनट पर अचानक पहली मंजिल आग की चपेट में आ गई. जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे. बिल्डिंग में चीख-पुकार मची लेकिन भीषण आग की वजह से लोग बाहर नहीं निकल पाए. कई लोग इस हादसे में राख हो गए.
गूगल पर हमारे पेज को फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें. हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करें.