भारत
Who is Lieutenant General Rajiv Ghai: लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई भारतीय सेना (Indian Army) के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) हैं. ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के दौरान पाकिस्तानी DGMO ने उन्हें ही फोन करके सीजफायर करने की गुहार लगाई थी.
Who is Lieutenant General Rajiv Ghai: भारतीय सेना (Indian Army) ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) में अहम भूमिका निभाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को बड़ा प्रमोशन दिया है. फिलहाल भारतीय सेना के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) की जिम्मेदारी संभाल रहे जनरल घई को डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बनाया गया है. हालांकि DGMO की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास बरकरार रहेगी यानी वे भारतीय सेना की सबसे अहम पदों में से दो का कामकाज एक साथ संभालेंगे. जनरल गई वही अफसर हैं, जिन्हें पाकिस्तान सेना के DGMO ने भारतीय सेना की कार्रवाई से घबराकर फोन घुमाया था और सीजफायर (India Pakistan Ceasefire) करने की गुहार लगाई थी. भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी (Pahalgam Terror Attack) का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक कर बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-ताइबा के हेडक्वार्टर तबाह कर दिए थे. पाकिस्तानी सेना (Pakistan Army) ने आतंकियों के समर्थन में भारत पर ड्रोन और मिसाइल अटैक करने की कोशिश की थी तो उसके भी 11 एयरफोर्स बेस पर भारत ने मिसाइल हमले करके उन्हें तबाह कर दिया था. महज 4 दिन की इस कार्रवाई में पाकिस्तान हमले रोकने के लिए भारत के आगे गिड़गिड़ाने लगा था. इस पूरी कार्रवाई में DGMO होने के नाते जनरल घई की अहम भूमिका रही थी.
क्या बताया है रक्षा मंत्रालय ने
रक्षा मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को अब डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ भी बनाया गया है. यह तैनाती सेना, खुफिया एजेंसियों और सैन्य ऑपरेशन से जुड़े बाकी विभागों के बीच समन्वय और बेहतर सहयोग के लिए की गई है. जनरल घई नई जिम्मेदारी में सैन्य व खुफिया अभियानों की देखरेख करने के साथ ही सामरिक योजना और सूचना युद्ध जैसे मामलों की भी निगरानी करेंगे.
पिछले सप्ताह ही किया था राष्ट्रपति ने सम्मान
कुमाऊं रेजीमेंट के सैन्य अफसर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव गई को पिछले सप्ताह ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है. उन्हें सेना में उत्कृष्ट सेवा के लिए उत्तम युद्ध सेवा मेडल से नवाजा गया था. भारतीय सेना के कई बड़े ऑपरेशन की लीड कर चुके राजीव घई डीजीएमओ के तौर पर अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जिसमें उनका काम सीमा पर गतिविधि के हिसाब से जवानों की पोस्टिंग करना, सेना के चारों कोर के बीच समन्वय रखना, सेना और खुफिया एजेंसियों के बीच सूचनाओं को लेकर आपसी तालमेल रखना और सेना प्रमुख के अहम मसलों पर सलाह देना है. इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर में चिनार कोर के GOC भी रह चुके हैं, जो आतंकवाद के खिलाफ सैन्य अभियानों को अंजाम देती है.
ऑपरेशन सिंदूर की प्रेस कॉन्फ्रेंस से चर्चा में आए थे जनरल घई
जनरल घई की आम लोगों के बीच तब चर्चा शुरू हुई थी, जब वे ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई कार्रवाई की जानकारी देने के लिए खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए थे. उन्होंने ही भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर की जानकारी दी थी. साथ ही ऑपरेशन सिंदूर के तहत हुई कार्रवाई, पाकिस्तान में मचाई गई तबाही और भारतीय सेना को हुए नुकसान को लेकर मीडिया के सवालों के जवाब दिए थे. उन्होंने ही बताया था कि पाकिस्तान के 11 एयरबेस तबाह करने के साथ ही उसका एयर डिफेंस सिस्टम भी भारतीय वायु सेना ने नष्ट कर दिया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.