Advertisement

Weather Updates: दिल्ली-नोएडा में बारिश का येलो अलर्ट, जानिए यूपी-बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम

Weather Updates: इस बार सितंबर महीने में भी लौटते हुए मानसून का असर झमाझम बारिश को खत्म नहीं होने दे रहा है. दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश में भी बारिश के आसार हैं.

Latest News
Weather Updates: दिल्ली-नोएडा में बारिश का येलो अलर्ट, जानिए यूपी-बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम
Add DNA as a Preferred Source

Weather Updates: मानसून इस बार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण उत्तर भारत में देर से बरसना शुरू हुआ था, लेकिन उसकी वापसी भी देर से ही हो रही है. सितंबर महीने की शुरुआत के बावजूद मानसूनी बारिश का दौर उत्तर-पश्चिम भारत में लगातार जारी है. यह दौर बुधवार समेत अगले कई दिन तक जारी रहेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को देश की राजधानी दिल्ली और पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जबकि दिल्ली से सटे नोएडा-गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश में भी बारिश के आसार जताए गए हैं. इनमें कहीं तेज और कहीं मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. बिहार में इस बार असमान बारिश देखने को मिली है. बुधवार को भी वहां कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है.

दिल्ली-NCR में 2 दिन बढ़िया बारिश के आसार

मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी जमकर बारिश होगी. इससे तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है. मंगलवार को पूरे NCR में उमस भरी गर्मी रही थी, लेकिन देर शाम और रात में कई इलाकों में बारिश हुई है. बुधवार सुबह भी कुछ इलाकों में पानी बरसा है. इससे मौसम खुशगवार हुआ है. IMD का अनुमान है कि 4 और 5 सितंबर को दिल्ली-NCR में खूब बारिश होगी.

यूपी में चार दिन जमकर बरसेगा मानसून

उत्तर प्रदेश में अगले चार दिन तक मानसूनी बारिश जमकर बरसने के आसार हैं. बुधवार को राजधानी लखनऊ के अलावा मेरठ, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, संभल, कासगंज, बरेली, ललितपुर, झांसी, कुशीनगर, महाराजगंज, पीलीभीत, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर, खीरी, शामली, हापुड़, बदायूं, रायबरेली, बलिया, मऊ, गोरखपुर, वाराणसी, उन्नाव, कानपुर नगर व देहात, प्रयागराज, कौशांबी और प्रतापगढ़ में जमकर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 4 और 5 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, लेकिन 6 और 7 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बेहद भारी बारिश हो सकती है.

उत्तराखंड-हिमाचल में मौसम का बिगड़ा रहेगा मिजाज

पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बुधवार को झमाझम बारिश हो सकती है. पिछले कई दिन से तेज बारिश देख रहे हिमाचल प्रदेश में बुधवार को भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही आंधी-तूफान व बिजली गिरने के भी आसार हैं. लगातार बारिश के कारण राज्य में NH-5, NH-707 समेत करीब 80 सड़कें बंद हैं. उत्तराखंड में भी कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है. इसके चलते मौसम विभाग ने अलर्ट रहने की सलाह टूरिस्ट्स को दी है.

राजस्थान में अगले 4 से 5 दिन जारी रहेगी बारिश

इस बार मानसून में बहुत ज्यादा बारिश के चलते लगातार बाढ़ की तबाही देख रहे राजस्थान में बुधवार को भी कई जिलों में जमकर बारिश हो सकती है. खासतौर पर गंगानगर, सिरोही, जालौर, झालावाड़, सीकर, राजसमंद और नागौर जिलों में तेज बारिश के आसार हैं. IMD ने राजस्थान में अगले 4 से 5 दिन तक दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कई जगह बेहद भारी बारिश की भी संभावना जताई है. पूरे राज्य में इस सप्ताह 4 से 5 दिन तक बारिश जारी रहने का अनुमान लगाया गया है.

बिहार के कुछ हिस्सों में बरसेगा पानी

बिहार में इस बार कुछ इलाकों में बहुत ज्यादा और कुछ इलाकों में बेहद कम बारिश हुई है. बारिश के इस असमान वितरण के चलते राज्य में मानसूनी बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है. बुधवार को लौटते हुए मानसून का ज्यादा असर इस राज्य में नहीं दिखेगा. IMD का अनुमान है कि पश्चिमी और उत्तरी बिहार के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. बारिश की कमी के चलते तापमान भी सामान्य से ज्यादा ही बना रहेगा.

ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement