Advertisement

Weather Forecast: दिल्ली में झुलसाएंगे लू के थपेड़े, पारा 45 डिग्री छुएगा, जानिए यूपी-बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम

Weather Forecast: मौसम विभाग का अनुमान है कि राजस्थान से आ रही भीषण गर्म हवाएं मंगलवार को दिल्ली को झुलसाएंगी, जिससे पारा तेजी से उछलेगा. उत्तर प्रदेश में आज से प्री-मानसून का असर दिखने के आसार हैं, जिससे गर्मी में थोड़ी राहत मिलने जा रही है.

Latest News
Weather Forecast: दिल्ली में झुलसाएंगे लू के थपेड़े, पारा 45 डिग्री छुएगा, जानिए यूपी-बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम
Add DNA as a Preferred Source

Weather Forecast: पिछले 3 दिन से लगातार उछल रहा पारा उत्तर भारत को अब झुलसाने की तैयारी में है. राजस्थान में पहले ही तापमान ने 50 डिग्री सेल्सियस छूने की कोशिश शुरू कर रखी है. इसका असर समूचे उत्तर भारत पर दिख रहा है. दिल्ली-NCR और हरियाणा व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी लू के थपेड़ों की तपिश बढ़ती जा रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने लू के इन थपेड़ों की तपिश मंगलवार (10 जून) को और ज्यादा तेज होने की आशंका जताई है. अनुमान है कि दिल्ली-NCR में पारा 45 डिग्री का अधिकतम स्तर छू सकता है, जिससे घर से बाहर निकलते ही त्वचा के जलने जैसा अहसास होगा. उत्तर प्रदेश के लिए जरूर राहत भरी खबर आई है, जहां आज से पूर्वी इलाके में प्री-मानसून की बारिश का असर देखने को मिल सकता है. इससे उस इलाके में गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. बिहार में भी इसका असर दिखाई देगा. पहाड़ों पर मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से बचने के लिए हिल स्टेशनों पर गए लोगों को राहत मिलेगी. 

दिल्ली-NCR में 12 जून तक नहीं मिलेगी राहत
दिल्ली-NCR में IMD ने 12 जून तक झुलसाने वाली गर्मी से राहत नहीं मिलन का अनुमान जताया है. राजधानी का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. लू के थपेड़ों के कारण दोपहर में हीट स्ट्रोक की चपेट में आने की आशंका है. इसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को जरूरत पड़ने पर ही घर से या ऑफिस से बाहर निकलने की ताकीद की है.

यूपी-बिहार में हल्की बारिश देगी राहत
उत्तर प्रदेश और बिहार में दक्षिण-पश्चिम से आ रही नमी वाली हवाएं एक्टिव होने के आसार हैं. IMD का अनुमान है कि इससे मौसम में बदलाव होगा और गर्मी से राहत मिलेगी. बंगाल की खाड़ी में बन रहे प्री-मानसून के सिस्टम के चलते अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की बारिश होने के आसार हैं. हालांकि साथ ही तूफानी हवाएं भी चलेंगी. कई जगह बिजली कड़कने की भी संभावना है. उत्तर प्रदेश में भी इस बार मानसून का आगमन जल्दी होने की संभावना है. 18 जून से मानसून प्रदेश में पहुंच सकता है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. 

राजस्थान में भयानक हीटवेव का रहेगा असर
राजस्थान में लगातार चल रही भीषण लू के मंगलवार को भी जारी रहने की संभावना है. IMD का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे भयानक हीटवेव प्रभावी रहेगी. ऐसे में लोगों को बेहद सावधान रहने की जरूरत है. श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में तापमान के 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है. 

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगलफेसबुकxइंस्टाग्रामयूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement