भारत
Weather Forecast: दिल्ली-NCR में पारे ने 46 डिग्री का स्तर छू लिया है. ऐसे में बेहद सावधानी की जरूरत है. हालांकि मौसम विभाग ने बताया है कि किस दिन से झमाझम बारिश होने की संभावना है. यूपी में भी 14 जिलों के लिए राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया गया है, लेकिन 17 जिलों में भीषण हीटवेव की चेतावनी दी गई है.
Weather Forecast: राजस्थान की तरफ से चल रही गर्म हवाओं के कारण पूरा उत्तर भारत तपती भट्टी जैसा बना हुआ है. पारे का स्तर ऊपर की तरफ भागा जा रहा है. दिल्ली-NCR में पारे ने 46 डिग्री का स्तर छू लिया है, जिसे बेहद भयानक माना जा रहा है. इसके चलते घर से बाहर निकलते ही त्वचा झुलस रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का अनुमान है कि बुधवार और गुरुवार को भी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में भीषण हीट वेव (Heat Wave) चलेगी, जिसके चलते घर से निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है. हालांकि 13 जून से मौसम का रुख बदलता दिख रहा है, जिससे लगातार 4 दिन तक आंधी-तूफान और झमाझम बारिश के कारण गर्मी से राहत मिलेगी. उत्तर प्रदेश में भी 14 जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश होने के आसार हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी. लेकिन प्रदेश के 17 जिलों में भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली में आज भी 46 डिग्री के करीब रहेगा पारा
IMD के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार को भी पारा दिन के समय 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. ऐसे में लू के भयानक थपेड़े झेलने पड़ेंगे, जिससे हीट स्ट्रोक (Heat Stroke) का शिकार होने की संभावना है. घर से निकलने से पहले भरपूर पानी पीयें और अपने सिर के ऊपर लू से बचाव के लिए कपड़ा रखें. IMD की सलाह है कि दोपहर के समय बेहद जरूरी होने पर ही घर या ऑफिस से बाहर घूमें. दिल्ली में रात का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के करीब चल रहा है, इसलिए रात में भी लापरवाही नहीं दिखाने की सलाह दी गई है. दिल्ली के अलावा नोएडा और फरीदाबाद में भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जबकि गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में 40-40 डिग्री सेल्सियस और गाजियाबाद में 39 डिग्री सेल्सियस का अधिकतम तापमान मंगलवार को दर्ज किया गया है. यही हालात बुधवार को भी इन जिलों में रहने की संभावना है.
12 जून की रात से बदल जाएगा दिल्ली-NCR का मौसम
IMD का अनुमान है कि 12 जून की रात से दिल्ली-NCR में हवाओं का रुख बदल रहा है. इससे रात में ही तेज आंधी-तूफान देखने को मिलेगा और बारिश भी होगी. इसके बाद 13 से 15 जून तक लगातार बारिश होने के आसार हैं. इससे दिल्ली में पारे का स्तर गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ सकता है, जबकि NCR के बाकी जिलों में 35-36 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रह जाएगा. इससे गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.
यूपी के इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
IMD ने यूपी के 17 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में झांसी, महोबा, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, कानपुर, इटावा, बांदा, फिरोजबाद, चित्रकूट, आगरा, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस और मथुरा का नाम शामिल है. हालांकि विभाग ने 14 जिलों में हल्के बादल दिखने से गर्मी में राहत मिलने के आसार जताए हैं. इन जिलों में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, चंदौली, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज शामिल हैं. मौसम विभाग ने गुरुवार (12 जून) को समूचे उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार जताए हैं, जिसका असर 13 जून को भी जारी रहेगा. इससे अगले 36 घंटे में तापमान में 2 से 4 डिग्री की राहत मिल सकती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.