भारत
Weather Forecast: दिल्ली-NCR में पिछले दो दिन से मानसून गति पकड़ता दिखा है. मौसम विभाग ने शनिवार (12 जुलाई) को भी बारिश होने का अनुमान (IMD Rain Alert) जारी किया है. हालांकि उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटे तक मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी दी गई है.
Weather Forecast: दिल्ली-NCR में मानसून की एंट्री हुए कई दिन बीतने के बावजूद यहां अभी तक लगातार झमाझम बारिश वाला दौर शुरू नहीं हुआ है. हालांकि पिछले दो दिन के दौरान आसमान में बादलों के छाए रहने से मौसम थोड़ा सुहावना हुआ है. साथ ही अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर भी चला है, जिसमें दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में सभी जगह जलभराव देखने को मिला था. शनिवार (12 जुलाई) के लिए भी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में बारिश का अलर्ट (Delhi Rain Alert) जारी किया है. उत्तर प्रदेश में मानसून जबरदस्त रफ्तार पकड़ता दिख रहा है. IMD ने अगले 48 घंटे के दौरान यूपी में पश्चिमी यूपी से पूर्वी यूपी के आखिरी छोर तक भयंकर बारिश के आसार (Uttar Pradesh Rain Alert) जताए हैं. इसके अलावा उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों में भी झमाझम बारिश जारी रहेगी. कई इलाकों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं.
दिल्ली में बारिश के साथ उमस का भी होगा अटैक
IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में रातभर अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हुई है. इसके बावजूद अभी तक मानसून के पूरी तरह एक्टिव नहीं होने से तापमान में गिरावट नहीं दिख रही है. शनिवार को भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. इसके चलते मौसम में उमस भी बढ़ी हुई है, जिसका अटैक शनिवार को भी दिल्ली और आसपास के शहरों में देखने को मिलेगा. IMD ने दिल्ली में-NCR के अलग-अलग इलाकों में शनिवार को भी पूरा दिन हल्की से भारी बारिश होने का अनुमान (IMD Rain Alert) जताया है. इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है. साथ ही 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से हवाएं भी चलेंगी. लेकिन फिलहाल गर्मी और उमस से ज्यादा राहत मिलने के आसार आज नहीं हैं.
उत्तर प्रदेश के इन जिलों में होगी भारी बारिश
IMD ने उत्तर प्रदेश में शनिवार को झमाझम बारिश का अनुमान जारी किया है. कई जगह बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश होगी. ऐसे में बिजली गिरने का खतरा भी हो सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, सहारनपुर, चंदौली, संत रविदास नगर, जौनपुर, वाराणसी, फर्रूखाबाद, हरदोई, कन्नौज, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, लखनऊ, रायबरेली, कानपुर, कानपुर देहात, अमेठी, सुल्तानपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, ललितपुर, झांसी, हमीरपुर, जालौन और महोबा जिलों में भारी बारिश हो सकती है. साथ ही बिजली कड़कने के भी आसार हैं.
उत्तर-पश्चिम भारत में पूरे सप्ताह होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने शुक्रवार को अगले सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है. इसमें मौसम विभाग ने अगले 12 से 17 जुलाई तक पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश का अनुमान जताया है. इसका मतलब है कि दिल्ली-NCR के साथ ही उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर में बादल खूब बरसेंगे. मौसम विभाग का अनुमान है कि मध्य भारत में भी मानसून जमकर मेहरबान रहेगा. इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश में भी खूब बारिश देखने को मिलेगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.