भारत
Weather Today, 22 April 2026: देश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप चरम पर है. मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी और बिहार में हीटवेव की चेतावनी जारी की है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है.
Aaj Ka Mausam Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, देश के मौसम में इस समय दो विपरीत स्थितियां देखने को मिल रही हैं. एक तरफ उत्तर और मध्य भारत भीषण लू और तपती धूप की चपेट में है, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के चलते पहाड़ी व पूर्वोत्तर राज्यों में आंधी-बारिश का दौर शुरू होने वाला है.
राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया है. यूपी के बांदा में तापमान 44.2 डिग्री तक जा पहुँचा है. दिल्ली में आने वाले 5 दिनों तक पारा सामान्य से ऊपर रहेगा, जिससे 'वॉर्म नाइट' (गर्म रातें) और भीषण लू का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग ने दोपहर के समय बाहर निकलने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
गर्मी के बीच पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. यहाँ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा केरल, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की उम्मीद है, जिससे उमस बढ़ सकती है.
उत्तराखंड और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके प्रभाव से पहाड़ों पर बर्फबारी और हल्की बारिश हो सकती है, जिससे मैदानी इलाकों की गर्मी में आंशिक गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, मैदानी इलाकों के लिए 25 अप्रैल तक राहत की कोई बड़ी उम्मीद नहीं दिख रही है.
बिहार में जहां एक तरफ हीटवेव चल रही है, वहीं दूसरी ओर 22 अप्रैल को कुछ इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म आंधी (थंडरस्क्वॉल) चलने की आशंका है. झारखंड में भी बिजली गिरने और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने बुजुर्गों और बच्चों को इस बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने को कहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से