भारत
Varanasi News: वाराणसी के लंका इलाके में हादसा हुआ है, जहां एक रिहाइशी इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था. बुधवार को इमारत के लेंटर की शटरिंग खोलते वक्त अचानक छत भरभराकर गिर गई है.
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के तीर्थ स्थल वाराणसी में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया है. वाराणसी के लंका थाना इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की छत से जुड़ी नवनिर्मित सीढ़ी उस समय भरभराकर गिर गई, जब मजदूर उसकी शटरिंग हटा रहे थे. मारुति नगर कॉलोनी में हुए इस हादसे के समय दो मजदूर सीढ़ी के नीचे मौजूद थे, जो मलबे में दब गए हैं. हालांकि दोनों मजदूरों को मलबा हटाकर निकाल लिया गया है, जिनमें से एक मजदूर की मौत हो गई है और दूसरे का इलाज अस्पताल में चल रहा है. लंका थाना पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.
सीढ़ी की ढलाई के बाद खोली जा रही थी शटरिंग
मारुति नगर कॉलोनी में कृष्णा सिंह का मकान बन रहा है. मकान में हाल ही में सीढ़ी की ढलाई की गई थी. बुधवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर सीढ़ी के नीचे लगी शटरिंग को खोल रहे थे. शटरिंग खोलते ही पूरी सीढ़ी अचानक टूटकर मलबे की तरह नीचे गिर गई. सीढ़ी के गिरने के समय उसके नीचे मजदूर राम प्रवेश (26 वर्ष) पुत्र राजाराम और महेश कुमार (29 वर्ष) पुत्र जवाहर मौजूद थे. दोनों मजदूर कंक्रीट के भारी मलबे में दब गए.
पुलिस ने आकर जेसीबी से हटवाया मलबा
हादसे की जानकारी तत्काल वाराणसी पुलिस को दी गई. लंका थाने के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और नगवा चौकी प्रभारी शिवाकर मिश्रा पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे. तत्काल जेसीबी बुलाकर मलबा हटाया गया और दोनों मजदूरों को रेस्क्यू करने के बाद बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया. ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने राम प्रवेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि महेश को इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया है. महेश के पैर में भी गंभीर चोट बताई जा रही है.
मृतक राम प्रवेश के परिवार में हैं तीन छोटे बच्चे
पुलिस ने हादसे की सूचना दोनों मजदूरों के परिजनों को दी. दोनों मजदूर मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के सरसा देवरिया गांव के रहने वाले हैं. हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन वाराणसी पहुंच गए हैं. ग्रामीणों ने बताया कि राम प्रवेश के परिवार में उसकी पत्नी आरती, मां प्रभाती देवी और उसके तीन छोटे बच्चे रह गए हैं. राम प्रवेश का बड़ा बेटा 3 साल का है, जबकि छोटा बेटा डेढ़ साल का है और बेटी अभी 6 महीने की ही है. वह अपने परिवार में इकलौता कमाऊ मेंबर था. उसके परिजनों ने प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.