भारत
Uttarakhand News: देहरादून जिले के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट चकराता के टाइगर फॉल में हुए इस हादसे में 4 टूरिस्ट घायल भी हुए हैं. मृतकों में एक स्थानीय व्यक्ति भी शामिल है.
Uttarakhand News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट चकराता में एक हादसा हो गया है. चकराता के चर्चित टाइगर फॉल में नहा रहे टूरिस्ट्स के ऊपर अचानक पहाड़ से पेड़ गिर पड़ा, जिससे दिल्ली की एक महिला टूरिस्ट समेत दो लोगों की मौत हो गई है. दूसरा व्यक्ति चकराता का ही स्थानीय निवासी है. इनके अलावा 4 टूरिस्ट घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चकराता पुलिस का कहना है कि यह हादसा उस समय हुआ, जब टूरिस्ट नहाने के लिए झरने के पानी के नीचे थे. इसी दौरान पानी की धारा के साथ बहकर आ रहा पेड़ सीधे उनके ऊपर आकर गिर गया. मृत महिला की पहचान दिल्ली के शाहदरा निवासी अलका आनंद (55 वर्ष) पत्नी गोविंद और चकराता के सुजोऊ गांव निवासी गीतराम जोशी (48 वर्ष) के तौर पर की गई है. उधर, श्रीनगर जिले के कीर्तिनगर में भी एक कार के खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई है.
सीधा सिर पर आकर गिरा पेड़
चकराता के टाइगर फॉल में हादसा सोमवार शाम को हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झरने में बहकर आया पेड़ सीधे नीचे नहाते लोगों के सिर पर आकर गिरा. उसकी चपेट में आई अलका और गीतराम को 108 एंबुलेंस से चकराता सीएचसी भेजी गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. चकराता थाना प्रभारी चंद्रशेखर नौटियाल के मुताबिक, अलका अपनी बेटी और उसके मंगेतर के साथ घूमने आई थीं, जबकि गीतराम सेलाकुईं में रह रहे हैं. वे भी पत्नी और बेटी के साथ घूमने आए थे.
कीर्तिनगर में 40 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
श्रीनगर जिले में कीर्तिनगर-बढ़ियारगढ़ मोटरमार्ग पर मालगढ़ी तल्ला की तरफ से आ रही कार के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया, जिससे कार सीधे 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई. सोमवार देर शाम हुई इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने SDRF की मदद से घायलों को निकाला और बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया. हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने कार के चालक समेत उसमें सवार चारों लोगों को मृत घोषित कर दिया है.
इनकी हुई है हादसे में मौत
कार हादसे में मरने वालों की पहचान दर्शन सिंह (68) पुत्र हरि सिंह, धर्म सिंह असवाल (65) पुत्र पीतांबर असवाल, करण सिंह पंवार (65) पुत्र राम सिंह, राजेंद्र सिंह (65) पुत्र जीत सिंह के तौर पर हुई है. ये सभी कीर्तिनगर तहसील के मालगढ़ी पट्टी बड़ियारगढ़ के ग्राम दिगोली के रहने वाले थे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.