भारत
UP ATS ने दिल्ली के सीलमपुर से जिस युवक को दबोचा है, वो पाकिस्तानी उच्चायोग को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं पहुंचाता था. वाराणसी से दबोचा गया युवक भी व्हाट्सऐप के जरिये जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था.
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी टैररिस्ट स्क्वॉयड (UP ATS) के हाथ गुरुवार को दो बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं. यूपी एटीएस की टीम ने दिल्ली में स्क्रैप के धंधे की आड़ में पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे एक युवक को दबोचा है, जबकि दूसरी टीम ने वाराणसी में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट को पकड़ा है. ये दोनों युवक राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान को दे रहे थे. दिल्ली में पकड़े गए युवक के पाकिस्तानी उच्चायोग में गहरे संपर्क भी सामने आए हैं, जिनके दम पर वह पाकिस्तानी वीजा दिलाने के लिए अवैध पैसा वसूलने का काम भी कर रहा था. इस दौरान वह पाकिस्तान जा रहे भारतीय युवकों का ब्रेनवॉश करने की भी कोशिश करता था. वाराणसी में पकड़ा गया युवक पाकिस्तानी व्हाट्सऐप ग्रुप्स के जरिये संवदेनशील सूचनाएं साझा करने के अलावा स्थानीय स्तर पर सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहा था.
दिल्ली के सीलमपुर से दबोचा मोहम्मद हारून
दिल्ली के सीलमपुर निवासी मोहम्मद हारून पुत्र अतीकुरर्हमान के संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान के साथ साझा करने की जानकारी मिली थी. यूपी एटीएस उसके खिलाफ जांच कर रही थी. इसमें सामने आए सबूतों के आधार पर गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास दो मोबाइल और 16,900 रुपये मिले हैं. स्क्रैप का काम करने वाले हारून ने बताया कि पाकिस्तान में रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान उसकी पहचान पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात मुजम्मल हुसैन के साथ हो गई. हुसैन को भारत सरकार ने हाल ही में पर्सोना नॉन ग्राटा (अवांछित व्यक्ति) घोषित करके भारत छोड़ने का आदेश दिया है. हुसैन ने हारून को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लाने पर पैसा मिलने का लालच दिया. इसके बाद वह हुसैन के साथ जानकारियां साझा करने लगा. उसने हुसैन की मदद से पाकिस्तान जाने के इच्छुक लोगों से मोटी रकम लेकर वीजा दिलाने का भी धंधा शुरू कर दिया.
आतंकी फंडिंग के लिए बैंक खाते भी उपलब्ध कराए
हारून ने एटीएस को पूछताछ में यह भी बताया कि हुसैन ने उससे कुछ बैंक खाते मांगे थे, जिनमें पाकिस्तान से पैसा मंगाया जा सके. हारून ने कई लोगों को पैसे देने का लालच देकर उनके बैंक खाते हुसैन को उपलब्ध कराए थे. इन खातों में आने वाले पैसों को वह हुसैन द्वारा बताए व्यक्ति को दे देता था. माना जा रहा है कि यह पैसा आतंकी फंडिंग के लिए अवैध तरीके से मंगाया जा रहा था. इन खातों की जांच भी यूपी एटीएस कर रही है.
वाराणसी में दबोचे तुफैल ने पाकिस्तान भेजी दिल्ली की तस्वीरें
यूपी एटीएस की वाराणसी यूनिट को जैतपुरा थाना इलाके के दोषीपुरा निवासी मोहम्मद तुफैल के पाकिस्तान जानकारियां भेजने की सूचना मिली थी. इसके बाद तुफैल को सर्विलांस पर लिया गया और सबूत मिलने के बाद गुरुवार को उसे आदमपुर इलाके में गिरफ्तार किया गया. तुफैल के मोबाइल फोन में वह पाकिस्तानी व्हाट्सग्रुपों में जुड़ा हुआ मिला है. उसने दिल्ली के कई अहम इलाकों की फोटोज पाकिस्तानी नंबरों पर शेयर की थी. साथ ही वाराणसी में लोगों को पाकिस्तानी ग्रुपों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा था.
सांप्रदायिक हिंसा फैलाने की कर रहा था कोशिश
तुफैल वाराणसी में सांप्रदायिक हिंसा फैलाने की कोशिश में था. उसने लोकल व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रतिबंधित पाकिस्तानी आतंकी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक के नेता मौलाना शाद रिजवी के वीडियो शेयर किए थे. साथ ही वह गजवा-ए-हिंद अभियान, बाबरी मस्जिद का बदला लेने और भारत में शरीयत लागू करने जैसे मैसेज भी व्हाट्सऐप ग्रुपों में शेयर करके माहौल भड़काने की कोशिश करता रहता था. उसके खिलाफ लखनऊ स्थित एटीएस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.