भारत
Telangana News: तेलंगाना सिंचाई विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनिर के 13 ठिकानों पर एंटी-करप्शन ब्यूरो की रेड में जो संपत्ति सामने आई हैं, उसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे.
Telangana News: तेलंगाना में सिंचाई विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर को अपने बेटे की डेस्टिनेशन वेडिंग थाईलैंड में करना भारी पड़ गया है. इंजीनियर के इस कारनामे से एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) के कान खड़े हो गए. इसके बाद एसीबी ने इंजीनियर के 13 ठिकानों पर छापेमारी कर दी, जिसमें मिली संपत्ति देखकर हर कोई हैरान रह गया है. इंजीनियर के ठिकानों पर मिले दस्तावेजों से एसीबी को उनके पास 19 आवासीय प्लॉट, तीन बिल्डिंग्स, 1 विला, चार फ्लैट का मालिकाना हक होने और कई होटलों में पार्टनरशिप होने के सबूत मिले हैं.
इंजीनियर की आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति
एसीबी की टीमों ने सिंचाई विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर नुने श्रीधर के 13 ठिकानों पर एकसाथ मंगलवार को छापेमारी की थी. इन ठिकानों पर टीमों को हैदराबाद के पास तेलपुर में एक विला, वारंगल, शेखपेट में स्काई हाई नाम की आलीशान बिल्डिंग में 4,500 वर्ग फुट का फ्लैट, करीमनगर में तीन अन्य फ्लैट, वारंगल, करीमनगर और हैदराबाद में कम से कम तीन स्वतंत्र इमारतें और इन तीनों शहरों में 19 प्रमुख आवासीय प्लॉट का मालिकाना हक होने के सबूत मिले हैं. इसके अलावा श्रीधर के नाम पर 16 एकड़ कृषि भूमि भी मिली है. साथ ही करीमनगर के कई होटलों में भी उसकी करोड़ों रुपये की हिस्सेदारी पाई गई है. बैंकों में भी श्रीधर के नाम पर मोटी रकम, ज्वैलरी और फिक्स डिपॉजिट मिले हैं.
बेटे की शादी पर खर्च किए थे करोड़ों रुपये
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में श्रीधर ने बेटे की थाईलैंड में डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित करने पर भी करोड़ों रुपये खर्च करने की बात स्वीकार की है. इसके अलावा भी एसीबी श्रीधर के घर से मिले दस्तावेजों की जांच कर रही है, जिससे उसके पास और भी संपत्तियां मिलने का अनुमान है. श्रीधर के खिलाफ एसीबी ने आय से ज्यादा संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया है.
कहां से आया इंजीनियर के पास इतना पैसा?
एक एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के पास करोड़ों रुपये की रकम के पीछे एक प्रोजेक्ट में बड़े पैमाने पर हुआ भ्रष्टाचार जिम्मेदारा बताया जा रहा है, जिसमें तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत राष्ट्र समिति (BRS) प्रमुख के. चंद्रशेखर राव भी फंसे हुए हैं. दुनिया की सबसे बड़ी मल्टी-फेज कालेश्वरम लिफ्ट इरिगेशन प्रोजेक्ट में हुए भ्रष्टाचार के दौरान श्रीधर की तैनाती भी उसमें रही है. माना जा रहा है कि श्रीधर ने इसी प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के दौरान यह पैसा कमाया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.