भारत
Bihar News: बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए रात-दिन घूम रहे पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ यह हादसा मधेपुरा से पटना लौटते समय हुआ है. ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
Bihar News: बिहार में एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के काफिले को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. यह हादसा तब हुआ, जब शुक्रवार देर रात तेजस्वी यादव मधेपुर से पटना लौट रहे थे. महज एक मिनट पहले ही तेजस्वी यादव कार से नीचे उतरे थे. यदि वे कार में होते तो अनहोनी हो सकती थी. इस हादसे में तेजस्वी की सुरक्षा में तैनात तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है. उससे पूछताछ में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है.
चाय पीने के लिए रूके थे तेजस्वी
तेजस्वी यादव का काफिला शुक्रवार देर रात करीब 1.30 बजे नेशनल हाईवे पर चाय पीने के लिए ठहरा था. इस दौरान तेजस्वी के साथ राजद प्रवक्ता शक्ति यादव व कई अन्य नेता भी मौजूद थे. तेजस्वी के कार से उतरने के ठीक बाद तेज रफ्तार से बेकाबू ट्रक उनके काफिले में घुस गया और कई गाड़ियों से टकराते हुए पुलिस एस्कॉर्ट कार से जोरदार तरीके से भिड़ गया. एस्कॉर्ट कार में बैठे पुलिस के जवान घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हाजीपुर के अस्पताल में भर्ती कराए पुलिसकर्मी
एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया. तेजस्वी यादव घायल पुलिसकर्मियों को अपनी गाड़ी में करीब ही मौजूद हाजीपुर के सदर अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है. उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया. ट्रक को टोल पर पकड़ लिया गया है और ड्राइवर से पूछताछ चल रही है.
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री @yadavtejashwi तेजस्वी यादव के काफिले में तेज रफ्तार बेलगाम ट्रक ने टक्कर मार दी. तेजस्वी भी नीचे उतरकर चाय पी रहे थे. रात 2 बजे तेजस्वी अस्पताल पहुंचे. pic.twitter.com/r6RAnFtqNQ
— Thakur Shaktilochan shandilya (@Ershaktilochan) June 7, 2025
'5 फीट दूर था मैं, ट्रक हल्का सा और अनियंत्रित होता तो...'
तेजस्वी यादव ने मीडिया के सामने इस घटना को लेकर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि मधेपुरा से लौटते समय चाय पीने के लिए हम लोग रूके थे. इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रक ने मेरे सामने 2-3 गाड़ियों में टक्कर मारी है. हमारे सुरक्षाकर्मी खड़े थे. उनके ऊपर गाड़ी आने से 2-3 जख्मी हुए हैं. हादसे के दौरान मैं 5 फीट की दूरी पर था, यदि हल्का सा भी ट्रक और अनियंत्रित होता तो हम लोगों के ऊपर ही आ जाता. इस घटना में लापरवाह लोगों के खिलाफ एक्शन होना चाहिए.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.