Advertisement

Maternity Leave पर Supreme Court का बड़ा फैसला, कहा-ये महिला के प्रजनन के अधिकार का अटूट हिस्सा

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट में एक सरकारी महिला टीचर ने गुहार लगाई थी, जिनकी दूसरी शादी के बाद बच्चा पैदा होने पर विभाग ने मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) देने से इंकार कर दिया था.

Latest News
Maternity Leave पर Supreme Court का बड़ा फैसला, कहा-ये महिला के प्रजनन के अधिकार का अटूट हिस्सा
Add DNA as a Preferred Source

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को महिला कर्मचारियों के मातृत्व अवकाश (Maternity Leave) को लेकर एक बड़ा फैसला दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में कहा कि मातृत्व अवकाश किसी भी महिला के प्रजनन के अधिकारों का अहम हिस्सा है. साथ ही ये मेटरनिटी बेनेफिट्स का भी अभिन्न अंग है. जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्जल भुइयां की बेंच ने कहा कि कोई भी संस्थान एक महिला के मातृत्व अवकाश पाने के अधिकार को नहीं छीन सकता है. सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला तमिलनाडु की एक सरकारी महिला शिक्षक की याचिका पर सुनाया है, जिन्हें दूसरी शादी के बाद बच्चा पैदा होने पर विभाग ने मातृत्व अवकाश देने से इंकार कर दिया था. 

महिला के पहले से दो बच्चे होने के कारण नहीं दिया अवकाश
याचिकाकर्ता महिला का कहना है कि उन्हें मातृत्व अवकाश देने से इस कारण इंकार किया गया था कि उनके पहले ही अपनी पहली शादी से दो बच्चे हैं. तमिलनाडु सरकार ने नियम बना रखा है कि मेटरनिटी बेनेफिट्स केवल पहले दो बच्चों के लिए ही दिया जाएगा. हालांकि महिला का कहना है कि उन्होंने अपने पहले दो बच्चों के जन्म के दौरान कोई मातृत्व अवकाश या मेटरनिटी बेनेफिट्स नहीं लिए थे, क्योंकि वे उस समय नौकरी नहीं कर रही थी. उन्होंने दूसरी शादी करने के बाद सरकारी नौकरी शुरू की थी और अब वह अपने तीसरे बच्चे के लिए मेटरनिटी बेनेफिट्स लेना चाहती है.

'सरकार कर रही मौलिक अधिकारों का हनन'
महिला की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में पेश एडवोकेट केवी मुत्थुकुमार ने इसे मौलिक अधिकारों के हनन का मामला बताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का महिला को मातृत्व अवकाश नहीं देने का निर्णय उनके मौलिक अधिकारों का हनन करता है, क्योंकि उन्होंने इससे पहले तमिलनाडु मेटरनिटी बेनेफिट प्रावधानों का उपयोग नहीं किया है.

सुप्रीम कोर्ट ने कही फैसले में ये बात
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को महिला को मातृत्व अवकाश का अधिकार देने का आदेश दिया है. जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्जल भुइयां की बेंच ने इस मामले को महज एक महिला के बजाय मेटरनिटी बेनेफिट्स के व्यापक प्रभाव से जोड़ते हुए फैसला सुनाया है. बेंच ने कहा कि मातृत्व अवकाश को अब मूल प्रजनन अधिकारों के हिस्से के तौर पर पहचाना जाएगा.

क्या है मातृत्व अवकाश नीति
मातृत्व अवकाश नीति (Maternity Leave Policy) के तहत किसी भी महिला को बच्चा पैदा होने के बाद 12 सप्ताह तक का मातृत्व अवकाश वेतन सहित देने का प्रावधान है. साल 2017 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मेटरनिटी बेनेफिट एक्ट (Maternity Benefit Act) में अहम बदलाव किया गया था. इसमें सभी महिला कर्मचारियों के लिए मातृत्व अवकाश को 26 सप्ताह तक बढ़ा दिया गया था. इसके अलावा यह भी बदलाव किया गया था कि बच्चा गोद लेने वाली महिला को भी 12 सप्ताह का मातृत्व अवकाश लेने का अधिकार होगा.

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.

Advertisement
Advertisement

Advertisement