भारत
Maa Vindhyavasini Dham Viral Video: सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मंदिर गर्भगृह के अंदर मारपीट होती हुई दिख रही है. यह घटना शुक्रवार रात 12 बजे की बताई जा रही है.
Maa Vindhyavasini Dham Viral Video: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम मंदिर (Maa Vindhyavasini Temple) में शुक्रवार देर रात जमकर बवाल मचा है. मंदिर गर्भगृह में ही पूजा को लेकर हुए विवाद के बाद पुजारी के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. मारपीट करने वाला पक्ष भी मंदिर के पंडों में से ही एक बताया जा रहा है, जो जबरन कुछ यजमानों की पूजा कराना चाहता था. आधी रात हो जाने के कारण मंदिर के श्रृंगारी पुजारी ने इसका विरोध किया. इसके बाद ही उनके साथ मारपीट की गई है. मिर्जापुर पुलिस ने पीड़ित पुजारी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और वायरल हो रहे मारपीट के वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
मां के शयन के समय का हवाला देकर रोकी थी पूजा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार रात 12 बजे मंदिर में मां के शयन की तैयारी चल रही थी. मंदिर नियमों के मुताबिक, रात 12 बजे की आरती के बाद पूजा नहीं की जाती है, क्योंकि यह समय मां विंध्यवासिनी के शयन का माना जाता है. मंदिर के शृंगारी पुजारी और उनका बेटा जब मां के शयन की तैयारी कर रहे थे, उसी समय एक पंडा अपने साथ कुछ यजमानों को लेकर जबरन गर्भगृह में घुस गया और पूजा कराने लगा. पुजारी ने इसका विरोध किया तो विवाद हो गया.
दबंगों ने मां की मूर्ति के सामने ही शुरू कर दी मारपीट
पुजारी के विरोध करने से नाराज हुए दबंगों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी. इससे गर्भगृह कुश्ती का अखाड़ा बन गया. मां की मूर्ति के सामने ही उनके पुजारी से मारपीट की गई, जिसका किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दिख रहा है कि दो शख्स मंदिर के गर्भगृह में मारपीट कर रहे हैं.
ये करोड़ों हिंदूओं की आस्था का अनादर है!
— Gyanendra Shukla (@gyanu999) July 5, 2025
धूर्त-लोभी-कुसंस्कारी नराधमों को पवित्र स्थलों में प्रवेश ही नहीं मिलना चाहिए फिर चाहें वे पंडे के भेष में क्यों न हों!!😡
वायरल वीडियो मिर्ज़ापुर के मां विंध्यवासिनी के गर्भगृह का है। रात को यजमानों को जबरन दर्शन कराने पर अड़े कुछ पंडों… pic.twitter.com/uNTBwbL23O
मंदिर में मच गई भगदड़
आधी रात का समय होने के बावजूद मां विंध्यवासिनी मंदिर में बेहद भीड़ थी. गर्भगृह से मारपीट की आवाजें आने पर भक्तों में अफवाह फैल गई और खौफ के चलते वहां भगदड़ मच गई. इससे बड़ा हादसा हो सकता था. सूचना मिलते ही पुलिस मंदिर के अंदर पहुंची और लोगों को शांत कराया. तब तक पुजारी के साथ मारपीट करने वाले फरार हो गए थे. पुलिस ने पीड़ित पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.