भारत
बेंगलुरु स्थित चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ पर बड़ा एक्शन लेते हुए, शहर की कब्बन पार्क पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB), कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA नेटवर्क के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
बेंगलुरु मेंआरसीबी की विक्ट्री परेड से पहले हुई भगदड़ और उसमें हुई मौतों का बेंगलुरु पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया है. पुलिस ने घटना के मद्देनजर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB),कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी DNA नेटवर्क के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. बता दें कि बुधवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक जश्न के कार्यक्रम से पहले दो प्रवेश द्वारों से भारी भीड़ के घुसने के बाद मची भगदड़ में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 47 अन्य घायल हो गए.
बताया जा रहा है कि बेंगलुरु में कब्बन पार्क पुलिस ने तीनों संस्थाओं के खिलाफ लापरवाही के लिए धारा 105 (हत्या के बराबर न होने वाली गैर इरादतन हत्या), 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) और 120 के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है.
इससे पहले आज, बेंगलुरु शहरी उपायुक्त और जिला मजिस्ट्रेट जी जगदीश ने कहा कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के तहत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी), कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए), लोक आश्वासन और विनियमन निदेशालय (डीपीएआर) और बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) को नोटिस जारी किए जाएंगे.
सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार द्वारा जांच अधिकारी नियुक्त किए गए जगदीशा, आरसीबी के आईपीएल जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए.
उन्होंने कहा कि विस्तृत जानकारी जुटाने और आयोजन की योजना, संगठन और सुरक्षा व्यवस्था में शामिल विभिन्न एजेंसियों की भूमिका को समझने के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं. इस बीच, राज्य सरकार भगदड़ की घटना की जांच सीआईडी को सौंपने पर विचार कर रही है.
गौरतलब है कि कर्नाटक उच्च न्यायालय ने भगदड़ की घटना का स्वतः संज्ञान लिया और राज्य सरकार को नोटिस जारी कर मंगलवार तक घटना पर विस्तृत स्थिति रिपोर्ट मांगी. साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन उपायों पर गंभीर चिंता व्यक्त की.
सुनवाई के दौरान, कर्नाटक सरकार ने उच्च न्यायालय को बताया कि शहर के पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सहित 1,000 से अधिक पुलिसकर्मी कार्यक्रम स्थल पर तैनात थे.
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने कहा, 'जश्न मनाने के इरादे से यह त्रासदी हुई है. हम घटना का स्वतः संज्ञान लेते हैं ताकि कारणों का पता लगाया जा सके, क्या इसे रोका जा सकता था और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए क्या उपाय किए जाने चाहिए.'
बता दें कि आरसीबी ने बेंगलुरु के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल ट्रॉफी के लिए 18 साल का इंतजार खत्म किया. जीत के बाद टीम सम्मान समारोह के लिए बेंगलुरु पहुंची. अपनी चैंपियन टीम की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे और ये हादसा हुआ जिसमें 11 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा.