भारत
Shocking Video: यह भीषण हादसा राजस्थान के टोंक जिले में हुआ है, जहां तेज गति से अलग-अलग दिशा से आ रहे पिकअप वाहनों की आमने-सामने की टक्कर हो गई है. एक पिकअप वाहन का ड्राइवर जिंदा जलकर मर गया है, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है.
Shocking Video: राजस्थान के टोंक जिले में भीषण हादसा हुआ है. टोंक जिले के अलीगढ़ के चापोला में दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई है. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों ही वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें भीषण आग लग गई. आसपास से गुजर रहे लोगों ने जलते हुए वाहनों से चालकों को निकालने की कोशिश की. एक चालक को लोगों ने किसी तरह निकाल लिया, लेकिन तब तक दूसरी गाड़ी आग में बुरी तरह घिर गई थी. इसके चलते दूसरे पिकअप वाहन का चालक आग में ही जिंदा जलकर मर गया है. दूसरी गाड़ी से निकाले गए चालक की भी हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी तक दोनों चालकों के नाम और पते की जानकारी नहीं हो सकी है.
फायर ब्रिगेड के आने तक जलकर खाक हो गए थे वाहन
दोनों पिकअप की टक्कर होने के बाद आग लगते ही आसपास से गुजर रहे लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. आग इतनी तेजी से फैली कि फायर ब्रिगेड के आने तक पिकअप वाहन जलकर खाक हो चुके थे. आग के बेहद तेजी से फैलने के कारण ही लोग उसमें फंसे चालक को निकालने में सफल नहीं हो सकी और वह जिंदा ही जलकर मौत का शिकार हो गया.
#Rajasthan के #Tonk में एक बड़ा हादसा हुआ है. टोंक के अलीगढ़ में हाइवे पर दो पिकअप वाहन में आमने-सामने की टक्कर के बाद आग लग गई. आग में जलकर एक चालक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर घायल है.#RajasthanNews #ShockingVideo #DNAHindi pic.twitter.com/Ezh6g34OE4
— DNA Hindi (@DnaHindi) June 4, 2025
टोंक-जयपुर हाईवे पर ट्रक में आग लगने से चालक बाल-बाल बचा
चाकसू में भी मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया. टोंक से जयपुर जा रहे ट्रक में अचानक टायर फटने के कारण आग लग गई. आग ने बेहद तेजी से पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि उससे पहले ही चालक और परिचालक ट्रक से बाहर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे. तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. फायर ब्रिगेड की टीम ने बेहद मेहनत के बाद ट्रक की आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक लगभग जलकर खाक हो चुका था. इस घटना के चलते नेशनल हाईवे 52 पर घंटों तक जाम लगा रहा है.
(Inputs- पुरुषोत्तम जोशी)
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.