भारत
देश में भारी बारिश के चलते झारखंड में सबसे ज़्यादा पाच मौतें हुईं. जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में दो-दो मौतें हुईं. तमिलनाडु में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई. रविवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कई जगह रेड तो कुछ जगह ऑरेंज अलर्ट है. दिल्ली-एनसीआर में भी जलभराव की स्थिति है.
पिछले कुछ दिनों से देश के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है. पिछले 24 घंटों में भारी बारिश ने देशभर में भारी नुकसान पहुंचाया है. शनिवार की शाम दिल्ली में भारी बारिश से कई जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं, झारखंड, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और तमिलनाडु समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हुए हैं. फिलहाल, कुछ राज्यों में रविवार को भी बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है. क्योंकि अगले 24 घंटों में दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं से लेकर लैंड स्लाइड की घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है. उधर झारखंड सबसे ज्यादा बारिश से प्रभावित हुआ है, जहां पांच लोगों की मौत हो गई है. जम्मू-कश्मीर और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई है. तमिलनाडु में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है और उत्तराखंड में एक महिला की मौत हुई है. मौसम विभाग ने रविवार को हिमाचल, उतराखंड, महाराष्ट्र और झारखंड के पलामू, गढ़वा और छतरपुर ज़िलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई सड़कें बंद कर दी गई हैं. इस मानसून में राज्य में बादल फटने की कई घटनाएं हुई हैं. वहीं, राजस्थान में भारी बारिश ने कहर बरपाया है. इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार को भारी बारिश हुई.
रविवार को भी गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को भी गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है. अधिकारियों के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी में बनी एक कृत्रिम झील का जलस्तर यमुना नदी के प्रवाह को अवरुद्ध करने वाले मलबे के कारण लगभग 12 फीट कम हो गया है. गुरुवार को हुई भारी बारिश के कारण पहाड़ों से चट्टानें गिरीं और मलबे ने नदी का प्रवाह अवरुद्ध कर दिया, जिससे एक अस्थायी झील बन गई.
झारखंड में पांच लोगों की मौत, एक लापता
झारखंड में भारी बारिश के कारण पाँच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता है. अधिकारियों ने बताया कि कई अन्य घायल हुए हैं. सरायकेला-खरसावाँ ज़िले में एक मकान गिरने से एक माँ और बच्चे की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए. खरसावाँ में एक दीवार गिरने से पाँच साल के बच्चे की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए.
मुंबई में बारिश की चेतावनी
मुंबई में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है और नागरिकों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस भारी बारिश के कारण, मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और पालघर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसके कारण कई जगहों पर जलभराव के कारण कई लोकल ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गईं, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 48 घंटों में कोल्हापुर, पुणे, एमपी समेत कई और राज्यों में तेज बारिश होगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से