भारत
Rahul Gandhi समेत पूरी कांग्रेस ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर होने के बाद से ही लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं. लोकसभा के नेता विपक्ष ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इससे जुड़े ही सवाल पूछे हैं.
Operation Sindoor: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर जुबानी हमला बोला है. भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) को कथित तौर पर अमेरिकी दबाव में बीच में बंद करने को लेकर राहुल गांधी लगातार सरकार पर हमलावर हैं. गुरुवार को भी कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी से इसे ही लेकर तीन सवाल पूछे हैं. राहुल गांधी ने पीएम मोदी से यह भी पूछा है कि उनका खून कैमरे के ही सामने क्यों गर्माता है? राहुल ने ये सवाल पीएम मोदी के बीकानेर में रैली करने के बाद पूछे हैं, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने जनता के सामने एक बार फिर ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया और कहा कि 22 अप्रैल के आतंकी हमले का बदला हमने महज 22 मिनट में ले लिया. साथ ही कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद से निपटने के 3 फॉर्मूले तय कर दिए हैं कि भारत पर हमला हुआ तो करारा जवाब मिलेगा, समय और तरीका सेना तय करेगी और उसे रोकने की शर्तें भी हमारी होंगी.
क्या सवाल पूछे हैं राहुल ने पीएम से
राहुल गांधी ने गुरुवार शाम को अपने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल से एक ट्वीट किया है. इस ट्वीट में ही राहुल ने तीन सवाल पूछे हैं. राहुल ने प्रधानमंत्री की बीकानेर रैली का जिक्र किए बिना उन पर तंज कसते हुए लिखा,'मोदी जी, खोखले भाषण देना बंद कीजिए.' इसके बाद राहुल ने अपने तीन सवाल पूछे हैं, जो निम्न हैं-
इसके बाद राहुल ने आगे लिखा,'आपने भारत के सम्मान से समझौता कर लिया.'
मोदी जी, खोखले भाषण देना बंद कीजिए।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 22, 2025
सिर्फ इतना बताइए:
1. आतंकवाद पर आपने पाकिस्तान की बात पर भरोसा क्यों किया?
2. ट्रंप के सामने झुककर आपने भारत के हितों की कुर्बानी क्यों दी?
3. आपका ख़ून सिर्फ़ कैमरों के सामने ही क्यों गरम होता है?
आपने भारत के सम्मान से समझौता कर लिया! pic.twitter.com/HhjqbjDsaB
कांग्रेस ने भी छेड़ा 'नरेंदर झुकना नहीं था' कैंपेन
कांग्रेस ने भी 'नरेंदर झुकना नहीं था' कैंपेन अपने एक्स हैंडल पर शुरू किया है. कांग्रेस ने गुरुवार को ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ट्वीट में लिखा,'सेना पूरे बल से लड़ी हो. बस दो कदम पे जीत खड़ी हो. लेकिन जब मौका आ जाए, तभी अचानक रुकना नहीं था. अरे नरेंदर, थमना नहीं था.' कांग्रेस ने एक अन्य ट्वीट में पहलगाम आतंकी हमले के आरोपियों के अब तक नहीं पकड़े जाने को लेकर भी सवाल उठाया है. कांग्रेस ने लिखा,'28 जान लेने वाले पहलगाम आतंकी हमले को एक महीना हो गया है, लेकिन न्याय अब भी अधूरा है. मोदी सरकार का पीआर सर्कस उसकी नाकामी पर पर्दा नहीं डाल सकता. चारों आतंकी कहां छिपे हैं? अब तक वे गिरफ्तार क्यों नहीं हुए? क्या जयशंकर की पाकिस्तान को दी गई प्री-स्ट्राइक टिप ने हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाया? मोदी ने ट्रंप के सीजफायर के दबाव के आगे घुटने क्यों टेके? इस संकट पर संसदीय सत्र बुलाने की पीएम मोदी अनदेखी क्यों कर रहे हैं?
सेना पूरे बल से लड़ी हो
— Congress (@INCIndia) May 22, 2025
बस दो कदम पे जीत खड़ी हो
लेकिन जब मौका आ जाए
तभी अचानक रुकना नहीं था
अरे नरेंदर, थमना नहीं था! pic.twitter.com/gt0rlqVkrB
पीएम मोदी ने बीकानेर में दी पाकिस्तान को सीधी चेतावनी
इससे पहले पीएम मोदी ने बीकानेर रैली में कहा कि आजादी के कई दशकों बाद तक पाकिस्तान आतंक फैलाता था, निर्दोषों को मारता था और भारत में डर का माहौल रहता था. लेकिन पाकिस्तान यह भूल गया कि मोदी का दिमाग ठंडा है, लेकिन लहू गर्म है. अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं गर्म सिंदूर बह रहा है. उन्होंने कहा,'भारत एटम बम की पाकिस्तानी गीदड़ भभकियों से डरने वाला नहीं है. आतंक के आकाओं और आतंक की सरपरस्त सरकारों को एक ही मानेंगे. पाकिस्तान के स्टेट और नॉन स्टेट कैरेक्टर वाला खेल नहीं चलेगा.'
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.