Advertisement

न खरीदें गोल्ड, कम करें पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल... PM मोदी ने क्यों की ये अपील?

PM Modi Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशवासियों से अगले एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की है, साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने और 'वर्क फ्रॉम होम' (Work From Home) की व्यवस्था को फिर से अपनाने की सलाह दी है.

Latest News
न खरीदें गोल्ड, कम करें पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल... PM मोदी ने क्यों की ये अपील?

PM Modi Appeal No Purchase Of Gold (AI Image)

Add DNA as a Preferred Source

PM Modi Appeal No Purchase Of Gold: भारत का नाम उन देशों में शामिल है, जहां सबसे ज्यादा सोने की खरीदारी की जाती है. शादी-ब्याह से लेकर निवेश तक, भारतीयों का सोने से गहरा रिश्ता रहा है. यही वजह है कि भारत दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड उपभोक्ता देशों में गिना जाता है. लेकिन, आज हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एक साल तक सोने की खरीदारी न करने की अपील की, साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है.अपने संबोधन में PM मोदी ने विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने और देश की अर्थव्यवस्था को बाहरी झटकों से सुरक्षित रखने के लिए लोगों से 'वर्क फ्रॉम होम' (Work From Home) की व्यवस्था को फिर से अपनाने की भी अपील की है.

शादियों में सोना न खरीदने की अपील

PM मोदी ने अपने संबोधन में देश के नागरिकों से गैर-जरूरी खर्चों पर पुनर्विचार करने की अपील की है, PM मोदी ने वैश्विक ऊर्जा लागत बढ़ने के कारण देश पर पड़ रहे भारी आर्थिक दबाव का हवाला देते हुए स्पष्ट कहा, "मैं लोगों से अपील करूंगा कि वे एक साल तक शादियों के लिए सोना न खरीदें."

PM मोदी ने कहा कि सोने के आयात पर देश की विदेशी मुद्रा का बड़ा हिस्सा खर्च होता है, सोने की खरीदारी में विदेशी मुद्रा का काफी इस्तेमाल होता है. इसलिए हमें देशहित में संकल्प लेना चाहिए कि चाहे घर में कितने भी कार्यक्रम हों, एक साल तक सोना नहीं खरीदेंगे.' 

पेट्रोल-डीजल का कम करें इस्तेमाल 

PM मोदी ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और वैश्विक सप्लाई चेन में रुकावटों की वजह से भारत की अर्थव्यवस्था और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ रहा है. इसकी वजह से ईंधन और उर्वरकों की कीमतों में तेजी आई है. इसके असर को कम करने के लिए देशवासियों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है.

PM मोदी ने कहा कि, 'आज जरूरत इस बात की है कि पेट्रोल, गैस, डीजल जैसी चीजों का बहुत संयम से इस्तेमाल किया जाए. हमें आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग सिर्फ जरूरत के हिसाब से करना चाहिए, इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और युद्ध का असर भी कम होगा. '

इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल, वर्क फ्रॉम होम की सलाह 

ईंधन बचत को लेकर PM मोदी ने लोगों से अपील की है कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए. निजी गाड़ियों पर निर्भरता कम करनी चाहिए. उन्होंने इलेक्ट्रिक गाड़ियों के ज्यादा इस्तेमाल और माल ढुलाई के लिए रेलवे परिवहन को बढ़ावा देने की भी अपील की है. इसके अलावा पीएम मोदी ने कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू हुए वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम को फिर से अपनाने की सलाह दी है. 

साथ ही उन्होंने कहा कि 'विदेश में शादी करने, विदेश घूमने और छुट्टियां मनाने का चलन मध्यम वर्ग में तेजी से बढ़ रहा है. ऐसे में हमें तय करना चाहिए कि इस संकट के समय कम से कम एक साल तक विदेश यात्रा टालेंगे. '

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगलफेसबुकx,   इंस्टाग्रामयूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement