Advertisement

Patna Civil Court को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, 5 पॉइंट्स में जानिए अब तक क्या पता चला

Patna News: किसी ने ईमेल के जरिये पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (Patna Civil Court Bomb Threat) दी है. सूचना मिलते ही पटना पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर को घेरकर खाली करा लिया है. डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड कोर्ट परिसर में RDX की तलाश कर रहे हैं.

Latest News
Patna Civil Court को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप, 5 पॉइंट्स में जानिए अब तक क्या पता चला

Patna Court में बम की धमकी के बाद तलाशी लेते पटना पुलिस के जवान. 

Add DNA as a Preferred Source

Patna News: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद पूरे देश में हाईअलर्ट की स्थिति है. ऐसे में किसी ने शुक्रवार को बिहार की राजधानी पटना की सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी (Patna Civil Court Bomb Threat) दी है. ई-मेल के जरिये दी गई धमकी की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पटना पुलिस की टीम तत्काल एक्टिव हो गई और बम स्क्वॉयड व डॉग स्क्वॉयड लेकर कोर्ट परिसर को घेर लिया है. कोर्ट परिसर में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है. अंदर मौजूद सभी लोगों को एक-एक करके बाहर निकाल लिया गया है. अभी परिसर में जांच चल रही है. 

चलिए 5 पॉइंट्स में आपको बताते हैं कि अब तक क्या-क्या पता चला है-

1. धमकी देने वाले ने बताया RDX रखा गया है
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाली ई-मेल में बताया गया है कि परिसर में RDX विस्फोटक रखा गया है. मेल में लिखा है,'जज साहब, आपकी अदालत में RDX रखा है, ढाई बजे फटेगा.' इस ईमेल की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही डीएसपी टाउन-2 दीक्षा और पीरबहोर थाना पुलिस की टीम कोर्ट परिसर में पहुंच गई. टीम ने डॉग और बम स्क्वॉयड को भी बुला लिया और जांच शुरू कर दी. डीएसपी दीक्षा के मुताबिक,'डिस्ट्रिक्ट जज की कोर्ट को ईमेल भेजा गया है, जिसमें उनकी कोर्ट की बिल्डिंग को RDX से उड़ाने की धमकी दी गई है. जांच के दौरान अभी कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. फिलहाल ईमेल भेजने वाली की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.'

2. कोर्ट के आसपास की दुकानें कराई बंद, लोगों की एंट्री पर रोक
ईमेल के आधार पर पुलिस ने कोर्ट परिसर में तलाशी शुरू करा दी है. पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया है. कोर्ट के आसपास की दुकानें भी बंद कर दी गई हैं और कोर्ट परिसर में आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. कोर्ट परिसर के तीनों गेट पर कड़ी सुरक्षा लगा दी गई है. अंदर आने-जाने वाले हर व्यक्त की जांच की जा रही है. 

3. सभी जजों को भी सुरक्षा घेरे में निकाला बाहर
ईमेल मिलने के बाद सिविल कोर्ट के अंदर सारी कार्यवाही स्थगित कर दी गई है. आम जनता के साथ ही पटना पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर सभी जजों को भी उनकी गाड़ियों की चेकिंग के बाद एक-एक कर बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया है. पुलिस ने इसके बाद कोर्ट परिसर में खड़ी सारी गाड़ियों की भी जांच शुरू कराई है. उनमें भी अब तक कुछ नहीं मिला है. 

4. आईपी एड्रेस से तलाशा जा रहा आरोपी
डीएसपी दीक्षा के मुताबिक, कोर्ट के ईमेल एड्रेस पर जो धमकी वाला मेल आया है, उसे जांच के लिए आईटी एक्सपर्ट्स को दिया गया है. ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है. आईपी एड्रेस ट्रेस होने पर यह पता चल जाएगा कि ईमेल कहां से भेजा गया है. फिलहाल कोर्ट में सुरक्षा से जुड़े सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए जा चुके हैं और जांच के हर पहलू पर काम चल रहा है.

5. पहले भी मिल चुकी है पटना में कोर्ट को धमकी
पटना में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी जनवरी, 2024 में एक ऐसा मामला सामने आया था. उस समय पटना हाई कोर्ट (Patna High Court) को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. तब भी कोर्ट कार्यवाही के दौरान ईमेल मिलने पर हड़कंप मच गया था. उस मामले में भी ईमेल भेजने वाले आरोपी को ट्रेस नहीं किया जा सका था.

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement