भारत
बाइक पर सवार बच्चों को उनके नाप का हेलमेट लगाना होगा. इसके अलावा बाइक पर सेफ्टी हार्नेस लगाना भी अनिवार्य होगा.
डीएनए हिंदी: टू व्हीलर पर बच्चों को साथ लेकर सफर करने वाले लोगों के लिए एक जरूरी सूचना है. दरअसल सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने दोपहिया वाहनों पर बच्चों को बिठाने को लेकर नए नियम जारी किए हैं.
कितनी होनी चाहिए स्पीड?
सुरक्षा प्रावधानों से जुड़े इन नियमों के मुताबिक, 9 महीने से लेकर 4 साल तक के बच्चे को मोटरसाइकिल पर पीछे बैठाकर ले जाते समय बाइक, स्कूटर, स्कूटी जैसे दोपहिया वाहनों की स्पीड लिमिट 40 किमी प्रति घंटे से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
बच्चों के नाप का लगाना होगा हेलमेट
बाइक पर सवार बच्चों को उनके नाप का हेलमेट लगाना अनिवार्य किया गया है. मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट ने बताया कि BIS बच्चों के हेलमेट के लिए अलग से स्टैंडर्ड जारी करेगा. तब तक बच्चों के लिए छोटे हेलमेट या साइकिल हेलमेट का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा बाइक पर सेफ्टी हार्नेस लगाना भी अनिवार्य होगा.
ये भी पढ़ें- 'अगले कुछ घंटे में पुतिन करेंगे युद्ध का ऐलान', बाइडेन की Russia को आखिरी चेतावनी

क्या होता है सेफ्टी हार्नेस?
सेफ्टी हार्नेस बच्चों को पहनाई जाने वाली जैकेट होती है जिसके साइज को एडजस्ट किया जा सकता है. यह बच्चे को राइडर से बांधे रखती है.
होनी चाहिए ये खूबियां
सड़क परिवहन मंत्रालय के नोटिफिकेशन के मुताबिक, यह सेफ्टी हार्नेट वजन में हल्का, वॉटरप्रूफ और कुशन वाला होना चाहिए. इसके साथ ही यह 30 किलोग्राम तक का भार उठाने की क्षमता भी रखता हो.
वहीं बच्चों के हेलमेट लगाने के फैसले को लेकर स्टीलबर्ड हेल्मेट्स के प्रबंध निदेशक राजीव कपूर ने कहा, 'निःसंदेह यह एस बहुत अच्छा कदम है. हम अक्सर माता-पिता को हेलमेट पहने हुए देखते हैं लेकिन बच्चों को ऐसा करते हुए कम ही देखा गया है. क्या उनका जीवन महत्वपूर्ण नहीं है?'
उन्होंने आगे कहा, बच्चों के पसंदीदा कार्टून चरित्रों वाले कई हेलमेट बाजार में उपलब्ध हैं. इसके अलावा कई देशों में पहले से ही बच्चों का बाइक पर हेलमेट पहनना अनिवार्य है. उनकी सुरक्षा के लिए यह बेहद जरूरी है.
दूसरी ओर आंकड़ों की बात करें तो साल 2020 में लॉकडाउन के बावजूद पूरे भारत में 3.54 लाख से अधिक दुर्घटनाएं हुईं जिसमें 1.33 लाख से अधिक लोगों ने अपनी जान गवाईं. इन दुर्घटनाओं में 44 प्रतिशत दोपहिया वाहन शामिल थे जिसके परिणामस्वरूप 58,000 से अधिक लोग काल के गाल में समा गए. इनमें सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र (5,877) और उत्तर प्रदेश (5,735) में हुईं.
इससे पहले साल 2019 में 18 साल से कम उम्र के 11,000 से अधिक बच्चों ने सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाई. ऐसे में बच्चों की सेफ्टी एक बड़ा मुद्दा है.
इन्हीं आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए सरकार रोड सेफ्टी के लिए केंद्रीय मोटर वाहन नियम (CMVR), 1989 में संशोधन करने के लिए पहली बार 25 अक्टूबर 2021 को यह ड्राफ्ट नोटिफिकेशन लेकर आई थी. इस ड्राफ्ट के संबंध में जनता से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों के बाद, केंद्र सरकार द्वारा नियमों पर विचार किया गया है.
(इनपुट- अंबरीश पांडे)
हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करें.