भारत
Shocking News: हैदराबाद में यह घटना उस समय हुई, जब हत्या के प्रयास के मामले में दोषी घोषित किए जाने के बाद आरोपी को हत्या के दूसरे मामले में उसी कोर्ट में पेश किया गया था. हालांकि महिला जज चप्पल लगने से बाल-बाल बच गई.
Shocking News: तेलंगाना के हैदराबाद में कोर्ट के अंदर एक शॉकिंग घटना हुई है. एक महिला जज द्वारा हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी घोषित करने और फिर उम्र कैद की सजा सुनाए जाने से आरोपी गुस्सा हो गया. आरोपी ने गुरुवार को उसी कोर्ट के अंदर हत्या के एक अन्य मामले में पेश किए जाने पर महिला जज से बदला लेने की कोशिश की. आरोपी ने कथित तौर पर कोर्ट के अंदर महिला जज को अपनी चप्पल फेंककर मारी. हालांकि महिला जज चप्पल लगने से बाल-बाल बच गईं. इस घटना के बाद वकीलों में रोष फैल गया. वकीलों ने आरोपी को पुलिस हिरासत में ही कोर्ट परिसर के अंदर पकड़कर बुरी तरह धुन दिया है. हैदराबाद पुलिस ने किसी तरह आरोपी को वकीलों से छुड़ाकर जेल भेज दिया है.
11 फरवरी को सुनाई गई थी सजा
हैदराबाद पुलिस (Hyderabad Police) के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है. इस अधिकारी ने PTI-Bhasha को बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपी को 11 फरवरी को दोषी ठहराया गया था. एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज (ADJ) ने उस मामले में आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. गुरुवार को यह आरोपी हत्या के एक अन्य मामले में उसी महिला जज की कोर्ट में पेश किया गया था. सुनवाई के दौरान उसने अचानक चप्पल निकालकर जज को फेंककर मारने की कोशिश की. हालांकि चप्पल जज को नहीं लगी, लेकिन इस घटना से कोर्ट में हंगामे की स्थिति बन गई.
वकीलों ने कोर्ट परिसर में ही दबोच लिया आरोपी
रंगारेड्डी जिला न्यायालय बार एसोसिएशन ने महिला जज को आरोपी द्वारा चप्पल फेंककर मारने की घटना की निंदा की है. वकीलों ने आरोपी पर उस समय हमला बोल दिया, जब उसे कोर्ट कैंपस में जेल ले जाने के लिए पुलिस वैन की तरफ लाया जा रहा था. वकीलों ने पुलिस हिरासत में ही आरोपी की जमकर धुनाई की. पुलिस ने किसी तरह उसे वकीलों के कब्जे से छुड़ाया और वहां से ले गई.
शुक्रवार को कोर्ट में रहेगी हड़ताल
जिला न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वाई कोंडल रेड्डी ने बताया कि जज पर हमले के विरोध में हमने शुक्रवार को अदालती कार्यवाही की हड़ताल का ऐलान किया है. उन्होंने कोर्ट के अंदर जज पर हमला करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है. उधर, हैदराबाद पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.
(Inputs- PTI Bhasha)
ख़बर की और जानकारी के लिए डाउनलोड करें DNA App, अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.