भारत
Kolkata Rape Case: कोलकाता पिछले एक साल में कई जघन्य रेप केस के लिए बदनाम हो चुका है. पहले आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की क्रूरता से रेप के बाद हत्या कर दी गई थी. पिछले महीने एक लॉ कॉलेज में महिला स्टूडेंट के साथ गैंगरेप की घटना हुई थी. अब IIM-Calcutta जैसे चर्चित संस्थान में यह घटना सामने आई है
Kolkata Rape Case: पश्चिम बंगाल की राजधानी और देश के चार महानगरों में एक कोलकाता महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रहा है. कोलकाता में एक बार फिर रेप की ऐसी घटना सामने आई है, जो वहां की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है. पूरे देश में अपने एक्सीलेंस के लिए मशहूर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट-कलकत्ता (IIM-Calcutta) में पढ़ रही महिला छात्रा रेप की शिकार हुआ है. छात्रा को एक छात्र ने कॉलेज के ही बॉयज हॉस्टल के अंदर अपनी हवस का शिकार बनाया है. महिला ने अपने साथ हुई घटना की शिकायत हरिदेवपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है. कोलकाता में पिछले एक साल के दौरान रेप का यह तीसरा बड़ा मामला है. पहले आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में महिला डॉक्टर की क्रूरता से रेप के बाद हत्या कर दी गई थी. फिर पिछले महीने एक लॉ कॉलेज के कैंपस में महिला छात्रा से गैंगरेप हुआ. अब यह घटना सामने आई है.
काउंसिलिंग सेशन के नाम पर बुलाया था हॉस्टल
कोलकाता पुलिस (Kolkata Police) के मुताबिक, महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसके साथ गंदा काम शुक्रवार शाम को एक साथी छात्र ने बॉयज हॉस्टल में किया है. उसे काउंसिलिंग सेशन के नाम पर हॉस्टल में बुलाया गया था. वहां उसे पीने के लिए एक ड्रिंक दिया गया. ड्रिंक में ड्रग्स मिला रखी थी, जिसके चलते वह उसे पीते ही बेहोश हो गई. बेहोश होने के बाद उसके साथ रेप किया गया.
रेप नहीं गैंग रेप भी हो सकती है घटना
एक सीनियर पुलिस अधिकारी के मुताबिक, होश में आने के बाद महिला को अपने साथ रेप होने का अहसास हुआ. हालांकि वह ये नहीं बता सकी कि उसके साथ एक लड़के ने रेप किया या बेहोशी में उसके साथ अलग-अलग लोगों ने कई बार रेप किया है. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने होश में आने पर अपने साथ हुई घटना को लेकर गुस्सा दिखाया तो आरोपी ने उसे धमकी दी. साथ ही इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
आरोपी को कर लिया गया है गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र को शुक्रवार देर रात ही पहले हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे जांच की जा रही है. बॉयज हॉस्टल में घटनास्थल बने रूम की भी तलाशी ली गई. रूम की सफाई कर दी गई थी, लेकिन फोरेंसिक टीम ने कई सबूत जुटाए हैं. महिला की मेडिकल जांच भी कराई गई है. इसके आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.