भारत
Kolkata Law Student Gangrape: कोलकाता में लॉ स्टूडेंट के साथ बुधवार रात को कॉलेज कैंपस में ही गैंगरेप को अंजाम दिया गया है. कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में 10 महीने पहले डॉक्टर के साथ हुए भयानक रेप के बाद अब इस घटना ने शहर को दहला दिया है.
Kolkata Law College Rape Case: कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ क्रूरता से रेप और मर्डर (Kolkata Doctor Rape) का मामला ठंडा भी नहीं हुआ है कि एक और जघन्य कारनामा हो गया है. कोलकाता से सटे कस्बा इलाके में एक लॉ स्टूडेंट के साथ उसके ही कॉलेज कैंपस में गैंगरेप किया गया है. कोलकाता पुलिस ने डॉक्टर रेप केस से सबक लेते हुए इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है और दो स्टूडेंट और कॉलेज के एक कर्मचारी समेत कुल तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. भाजपा ने इस मामले में ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के नेतृत्व वाली TMC सरकार पर तीखा हमला बोला है. साथ ही राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है.
बुधवार रात हुआ गैंगरेप, गुरुवार को गिरफ्तारी
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, कस्बा के साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज के कैंपस में महिला स्टूडेंट के साथ बुधवार (25 जून) की रात को 7.30 बजे से 8.50 बजे के बीच गैंगरेप किया गया. यह कॉलेज राज्य सरकार का है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है. एक सूत्र ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. पीड़ित स्टूडेंट की मेडिकल जांच कराई गई है. तीनों आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट के सामने पेश किया गया है. कोलकाता के मेयर व TMC नेता फिरहाद हकीम से मीडिया ने इस मामले को लेकर सवाल पूछा, लेकिन उन्होंने इसे बेहद गंभीर घटना बताते हुए बिना पुलिस से पूरी जानकारी लिए कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया.
कमरे में खींचकर ले गए, फिर...
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे जबरन खींचकर कमरे में ले गए. वहां उन्होंने यौन संबंध बनाने को मजबूर करने की कोशिश की. मैंने उन्हें रिलेशनशिप में होने की बात कहकर छोड़ने की गुहार लगाई और रोई. मुझे घबराहट का दौरा पड़ा और सांस लेने में तकलीफ होने लगी. मैंने उन्हें अस्पताल ले चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया. पहले एक आरोपी ने रेप किया. इस दौरान बाकियों ने मेरा वीडियो बनाया और मुझे सहयोग नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी. मुझे इंसाफ चाहिए.'
भाजपा ने आरोपियों को बताया TMC कार्यकर्ता
राज्य में विरोधी दल भाजपा ने इस मामले को लेकर ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोपियों को सत्ताधारी TMC का कार्यकर्ता बताया है. भाजपा आईटी सेल चीफ अमित मालवीय ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा,'खौफनाक, कोलकाता के बाहरी इलाके कस्बा में महिला लॉ स्टूडेंट के साथ कॉलेज के अंदर ही 25 जून को एक पूर्व छात्र और दो कॉलेज स्टाफ मेंबर्स ने गैंगरेप किया है. हैरानी वाली बात ये है कि रिपोर्ट में इसमें एक टीएमसी मेंबर के भी शामिल होने की बात कही गई है. आरजी कर का खौफ अभी भी कम नहीं हुआ है. फिर भी बंगाल में ऐसे जघन्य अपराध रोजाना बढ़ रहे हैं. ममता बनर्जी की सरकार में पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए एक बुरा सपना बन गया है. रेप एक त्रासदी बन गई है. भाजपा पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है.'
10 महीने पहले डॉक्टर की रेप-हत्या ने दहला दिया था देश
कोलकाता के ही आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (RG Kar Medical College and Hospital) में 10 महीने पहले एक जूनियर डॉक्टर की बेहद क्रूर तरीके से रेप करने के बाद हत्या कर दी गई थी. इस केस ने पूरे देश को दहला दिया था. कोलकाता में इसे लेकर एक महीने से भी ज्यादा समय तक डॉक्टरों ने जबरदस्त प्रदर्शन किए थे. इस मामले में कोर्ट ने आरोपी संजय रॉय को उम्रकैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी. इसके खिलाफ भी जबरदस्त रोष पैदा हुआ था. सभी ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने इसे दुर्लभतम मामला मानने से इंकार कर दिया था.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.