Advertisement

मोदी सरकार ने निकाला एक और पाकिस्तानी अधिकारी, पुलिस ने पहली बार बताया Jyoti Malhotra से क्या मिला, पढ़ें 5 पॉइंट्स

India-Pakistan Relations: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत में मौजूद पाकिस्तानी उच्चायोग के कई अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार वापस भेज चुकी है. उधर, हिसार पुलिस ने बताया है कि अब तक ज्योति मल्होत्रा के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है.

Latest News
मोदी सरकार ने निकाला एक और पाकिस्तानी अधिकारी, पुलिस ने पहली बार बताया Jyoti Malhotra से क्या मिला, पढ़ें 5 पॉइंट्स
Add DNA as a Preferred Source

India-Pakistan Relations: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले (Pahalgam Terror Attack) के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाना जारी रखा है. सिंधु जल संधि के निलंबन और दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों की वापसी के बाद भारतीय सेना (Indian Army) ने पाकिस्तान को 'ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor)' के जरिये करारा सबक सिखाया है. दोनों देशों के सीजफायर के बाद भी भारत की कार्रवाई लगातार जारी है. इस कार्रवाई में जहां पाकिस्तान को सूचना देने वाले स्लीपिंग सेल्स के जासूसी नेटवर्क पर शिकंजा कसा जा रहा है और लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं. दूसरी तरफ, डिप्लोमेटिक इम्यूनिटी लेकर पाकिस्तान उच्चायोग में रहते हुए भारत में जासूसी नेटवर्क फैलाने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई जारी है. बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की सरकार ने पाकिस्तान उच्चायोग के एक और अधिकारी को पर्सन नॉन ग्रेटा (Persona non grata) यानी अवांछित व्यक्ति घोषित करते हुए देश छोड़ने का आदेश जारी कर दिया है. उधर, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी के आरोप में हिरासत में ली गई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा (YouTuber Jyoti Malhotra) को लेकर हरियाणा पुलिस ने पहली बार ऑफिशियल बयान जारी किया है. हरियाणा के हिसार की पुलिस (Hisar Police) ने कहा है कि ज्योति के पाकिस्तान के लिए जासूसी करने से जुड़ा कोई सबूत अब तक नहीं मिला है. हालांकि पुलिस ने यह भी कहा कि अभी ज्योति के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आनी बाकी है. 

चलिए आपको 5 पॉइंट्स में बताते हैं कि भारत सरकार ने क्या कार्रवाई की है और ज्योति को लेकर पुलिस ने क्या बताया है-

1. पाकिस्तान उच्चायोग को भी दी गई है सख्त हिदायत
केंद्र सरकार ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग के एक अधिकारी को पर्सन नॉन ग्रेटा घोषित किया है. इस अधिकारी पर भारत में अपने ऑफिशियल स्टेट्स से इतर गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाया गया है. इस अधिकारी को अगले 24 घंटे के अंदर भारत छोड़ने के लिए कहा गया है. केंद्र सरकार ने पाकिस्तान उच्चायोग (Pakistan High Commission in New Delhi) के प्रभारी डी'अफेयर्स (कार्यवाहक इंचार्ज) को भी बुधवार को इस बारे में एक डेमार्श जारी किया है. इस डेमार्श में यह बात सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी गई है कि भारत में को भी पाकिस्तानी डिप्लोमेट अपने विशेषाधिकारों और स्टेट्स का किसी भी तरीके से दुरुपयोग करता हुआ नहीं पाया जाना चाहिए.

2. ज्योति और हरकीरत से बरामद हुई हैं ये चीजें
हिसार पुलिस ने 16 मई को ज्योति मल्होत्रा पुत्री हरीश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया था. ज्योति मल्होत्रा पर आरोप है कि वह कुछ पाकिस्तानियों से संपर्क में थी और उनके साथ सूचनाओं को लेनदेन कर रही थी. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और सरकारी गोपनीय अधिनियम (Government Secrecy Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि ज्योति के पास से 3 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और कुछ अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं. उसे वीजा सेवा उपलब्ध कराने वाले कुरुक्षेत्र निवासी हरकीरत को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उसे हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है. हरकीरत के पास से भी 2 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं.

3. ज्योति-हरकीरत के उपकरणों की फोरेंसिक जांच जारी
हिसार पुलिस ने यह भी बताया कि ज्योति और हरकीरत के पास से मिले मोबाइल फोनों, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है. अभी तक इसकी रिपोर्ट हिसार पुलिस को नहीं मिली है. इसलिए आरोपी की व्हाट्सएप चैट को लेकर सोशल मीडिया से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तक पर चल रहे दावे पूरी तरह तथ्यहीन हैं, क्योंकि इस पर अभी कोई कमेंट नहीं किया जा सकता है.

4. ज्योति के सैन्य जानकारी तक पहुंच का नहीं मिला अभी सबूत
हिसार पुलिस ने यह भी कहा है कि ज्योति फिलहाल 5 दिन के पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है. प्रोटोकॉल के तहत ज्योति से कुछ केंद्रीय जांच संस्थाएं भी समय-समय पर पूछताछ कर रही हैं, लेकिन हिरासत अभी तक हिसार पुलिस के ही पास है और वही उसके मामले की जांच कर रही है. पूछताछ के दौरान अब तक ज्योति की किसी भी सैन्य, रक्षा या रणनीतिक जानकारी तक पहुंच होने बारे कोई तथ्य सामने नहीं आया है. 

5. ज्योति के पाकिस्तानी से शादी करने के नहीं मिले सबूत
हिसार पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ज्योति के अभी तक किसी भी पाकिस्तानी नागरिक से शादी करने, धर्म परिवर्तन करने आदि से जुड़े तथ्य सामने नहीं आए हैं. ज्योति के 4 बैंक अकाउंट का भी गहनता से विश्लेषण जारी है. फिलहाल पैसों के लेनदेन पर कमेंट नहीं किया जा सकता है. हिसार पुलिस ने मीडिया से भी तथ्यहीन खबरें नहीं दिखाने की अपील की है और कहा है कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा सीधे प्रभावित होती है.

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.

Advertisement
Advertisement

Advertisement