भारत
व्यापक रूप से प्रसारित एक वीडियो में दिखाया गया है कि सिविक वॉलंटियर श्रीधर चक्रवर्ती के हाथ और पैर रस्सियों से बंधे हुए हैं और मौके पर मौजूद कुछ लोग उन्हें लगातार धमकाने का प्रयास कर रहे हैं.
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक सिविक वॉलंटियर को कुछ लोगों ने बांधकर पीटा. पिटने वाले शख्स ने दावा किया है कि उसे मारने वाले सभी लोग तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है जिसके बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है. कथित तौर पर उदयनारायणपुर के बसंतपुर बाजार क्षेत्र में शूट किए गए इस वीडियो में सिविक वॉलंटियर श्रीधर चक्रवर्ती के हाथ और पैर रस्सियों से बंधे हुए हैं और कुछ लोग उन पर दबाव डाल रहे हैं.
चक्रवर्ती ने हमलावरों की पहचान तृणमूल सदस्यों के रूप में की है, जो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ़ बुरा-भला कहने के लिए रिश्वत दिए जाने की बात कबूल करने की मांग करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
क्लिप में दिखाया गया है कि ये लोग चक्रवर्ती को सार्वजनिक रूप से अपमानित करते हैं और उन्हें कान पकड़कर और सिर झुकाकर उठक-बैठक करने के लिए मजबूर करते हैं. वे उन पर बनर्जी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हैं और उन्हें माफ़ी मांगने के लिए मजबूर करते हैं.
In the Bhasantapur area of Udaynarayanpur constituency of West Bengal, a civic volunteer, Sridhar Chakraborty, son of Banshidhar Chakraborty, Civic ID No. CV 98,is being targeted in a conspiracy to falsely implicate him. The Trinamool Congress's goons are openly torturing him.… pic.twitter.com/dM8pSrW4KH
— Amit Thakur 🇮🇳 (@Amit_Thakur_BJP) June 13, 2025
भाजपा ने इस घटना की निंदा की है और आरोप लगाया है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने स्वयंसेवक से जबरन बयान दिलवाकर वीडियो में 'लालू दा' कहे जाने वाले स्थानीय भाजपा नेता को फंसाने की कोशिश की. भाजपा नेताओं के अनुसार, चक्रवर्ती द्वारा ऐसा करने से इनकार करने पर उन्हें 'कंगारू कोर्ट' में दंडित किया गया.
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों का खंडन करते हुए उन्हें 'निराधार' और राजनीति से प्रेरित बताया है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि वीडियो के प्रसारित होने के बाद दो व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया गया है.
मामले के मद्देनजर पुलिस के एक बड़े अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि, 'हम मारपीट और वीडियो में किए गए दावों दोनों की जांच कर रहे हैं.' साथ ही पुलिस की तरफ से यह भी कहा गया है कि, 'सिविक वॉलंटियर' की भूमिका भी जांच के दायरे में है.