भारत
शनिवार रात को बेंगलुरु में स्केटिंग रिंक के पास कचरा ढोने वाले ट्रक के पीछे एक महिला का शव मिला. प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि हत्या से पहले महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया गया होगा.
बेंगलुरु में शनिवार देर रात उस वक़्त हड़कंप मच गया जब नगर निगम के एक कचरा ट्रक में महिला का शव मिला, जिसके पैर गर्दन से बंधे हुए थे. बता दें कि शव चन्नमनाकेरे स्केटिंग ग्राउंड के पास बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के कचरा ट्रक की पिछली लिफ्ट में मिला. महिला की उम्र करीब 25-30 साल बताई जा रही है. उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'कल रात हमें कचरा संग्रह ट्रक के अंदर एक शव मिला. रात 1 से 3 बजे के बीच किसी ने महिला के शव को एक बैग में पैक करके वाहन में फेंक दिया था.'
अधिकारी ने कहा,'उसके पैर उसकी गर्दन से बंधे हुए थे और शव को एक बैग में भरकर कचरा ट्रक में फेंक दिया गया था. पुलिस के मुताबिक बीबीएमपी कचरा ट्रक चालक ने इसे देखा और हमें सूचित किया. इसके आधार पर, हमने हत्या का मामला दर्ज किया है और जांच चल रही है.'
प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि महिला की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया होगा. वह एक निजी कंपनी की टी-शर्ट और एक जोड़ी पैंट पहने हुए पाई गई, लेकिन उसके पास कोई अंडरगारमेंट नहीं था.
पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति रात 12:30 से 12:40 के बीच एक वाहन में सवार होकर शव को फेंकने के लिए पहुंचे. चल रही जांच के तहत इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. बता दें कि घटना के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.