भारत
Punjab News: पति इस बात से नाराज था कि पत्नी की पहली शादी की बात उससे छिपाई गई थी. इसे लेकर हुए झगड़े में उसने पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गया.
Punjab News: पंजाब की इंडस्ट्रियल सिटी लुधियाना में 21 वर्षीय महिला की लाश उसके फ्लैट में बरामद हुई है. महिला का पति फरार है. माना जा रहा है कि पति ने ही महिला की गला दबाकर हत्या की है और उसके बाद पकड़े जाने के डर से वह फरार हो गया. दोनों की शादी को महज 4 महीने हुए थे और इस फ्लैट में वे 4 दिन पहले ही शिफ्ट हुए थे. पंजाब पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद पति की तलाश शुरू कर दी है.
दो दिन पहले की गई थी हत्या
मोहल्ला फतेहगंज में एक फ्लैट से पड़ोसियों ने बदबू आने पर मंगलवार शाम को उसके मालिक को सूचना दी थी. फ्लैट मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस के दरवाजा तोड़ने पर अंदर महिला की लाश कपड़ों के ढेर में लिपटी हुई मिली. महिला की पहचान 21 वर्षीय राधिका के तौर पर की गई, जो 4 दिन पहले ही अपने पति सुनील के साथ वहां रहने के लिए आई थी. दोनों इससे पहले तिब्बा रोड पर रह रहे थे. सुनील के गायब होने के कारण पुलिस ने उसके हत्या करने के बाद फरार होने का संदेह जताया है. ACP (सेंट्रल) अनिल भनोट ने बताया कि राधिका के हाथ कपड़े से बंधे हुए थे और उसके शरीर पर खींचातानी के निशान हैं.
महिला की हो चुकी थी पहले भी शादी
पुलिस जांच में सामने आया है कि राधिका की पहले भी शादी हो चुकी थी. चार महीने पहले उसने सुनील के साथ लव मैरिज की थी, लेकिन उसे पहली शादी के बारे में नहीं बताया था. पुलिस का मानना है कि सुनील को उसकी पहली शादी के बारे में जानकारी मिली होगी, जिसे छिपाकर रखने की बात को लेकर वह गुस्सा हो गया होगा. इसी गुस्से में उसने राधिका के साथ कहासुनी होने पर उसकी हत्या कर दी होगी. पुलिस का कहना है कि सही बात सुनील के पकड़े जाने के बाद ही पता चल सकती है. सुनील को दबोचने के लिए कई टीमों का गठन कर दिया गया है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.