भारत
Haryana Viral Video: सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें लिफ्ट में फंसे खेल मंत्री मदद के लिए बेचैन दिखाई दे रहे हैं.
Haryana Viral Video: आम आदमी तो रोजाना कहीं न कहीं लिफ्ट में फंसकर परेशान होता रहता है, लेकिन चंडीगढ़ में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम लिफ्ट जाम हो जाने के कारण उसमें फंसे रहे. यह घटना सिविल सचिवालय में उस समय हुई, जब मंत्री 7वीं मंजिल पर अपने ऑफिस में जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे. उसी समय लिफ्ट में टेक्निकल फॉल्ट आ जाने से वह बीच में ही लटक गई. इस दौरान मंत्री के साथ 8 अन्य लोग भी लिफ्ट में मौजूद थे. लिफ्ट में मंत्री के फंसने की सूचना पर अधिकारियों में हड़कंप मचा, जिसके बाद तत्काल टेक्नीशियन की मदद से लिफ्ट चालू कराकर मंत्री को बाहर निकाला गया. बुधवार को हुई इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें लिफ्ट के अंदर फंसे मंत्री को मदद के लिए बेचैन होते हुए देखा जा सकता है.
क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में
यह घटना बुधवार शाम 5 बजे उस समय हुई, जब मंत्री सचिवालय पहुंचे और 7वीं मंजिल पर अपने ऑफिस में जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए थे. इसी दौरान लिफ्ट बीच में अटक गई. वायरल वीडियो में मंत्री लिफ्ट के अंदर अन्य लोगों के साथ खड़े हुए हैं और बार-बार दरवाजे की तरफ बेचैनी से देखते हुए दिखाई दे रहे हैं. इसके अलावा वह अपने साथ मौजूद लोगों से कुछ कहते हुए भी दिख रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि लिफ्ट को करीब 5 मिनट बाद ही दोबारा चालू कराकर सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है.
Chandigarh: A VIP lift at the Haryana Secretariat malfunctioned, briefly trapping Haryana Minister Gaurav Gautam for around five minutes pic.twitter.com/8cms22Kxhq
— IANS (@ians_india) May 28, 2025
'VIP' लिफ्ट में हुई है यह घटना
बतााय जा रहा है कि मंत्री जिस लिफ्ट में सवार थे, वह 'वीआईपी' लिफ्ट है. यह लिफ्ट सचिवालय में मंत्रियों के आने-जाने के लिए ही लगाई गई है. लिफ्ट में क्या टेक्निकल फॉल्ट आया, इसे लेकर कोई ऑफिशियल बयान नहीं दिया गया है. कुछ लोगों का कहना है कि बिजली गुल हो जाने के कारण लिफ्ट बंद हो गई थी, जिसे जनरेटर चलाकर दोबारा चालू कराया गया. हालांकि इससे सवाल यह उठता है कि वीआईपी लिफ्ट होने के बावजूद उसका बिजली गुल होने पर इमरजेंसी सिस्टम क्यों नहीं काम कर रहा था.
सचिवालय में 4 लिफ्ट, दो वीआईपी
सिविल सचिवालय में चार लिफ्ट लगी हुई हैं. इनमें से दो लिफ्ट आम आदमियों के इस्तेमाल के लिए है, जबकि दो लिफ्ट 'वीआईपी' हैं. वीआईपी लिफ्ट में से एक का इस्तेमाल सभी मंत्री और आला अधिकारी करते हैं, जबकि दूसरी लिफ्ट केवल मुख्यमंत्री के आने-जाने के रिजर्व है. करीब 6 महीने पहले हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी लिफ्ट में 25 मिनट तक फंसे रहे थे. इस दौरान उनकी और अन्य लोगों की हालत खराब हो गई थी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.