भारत
आज केसीआर का जन्मदिन है. वो पिछले 8 वर्षों से तेलंगाना की सत्ता पर काबिज हैं.
डीएनए हिंदी: तेलंगाना (Telangana) के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (CM K Chandrashekar Rao) का आज 17 फरवरी को 68वां जन्मदिन है. उनका पूरा नाम कल्वाकुंतला चंद्रशेखर राव है. तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (TRS) के चीफ चंद्रशेखर राव जून 2014 में तेलंगाना राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने थे. इसके बाद दूसरी बार उन्हें सीएम चुना गया था. साल 2018 में उन्होंने एक बार फिर से तेलंगाना की कमान संभाली थी और मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.
केसीआर का जन्म 1953 को तेलंगाना के मेडक में हुआ था. केसीआर की शुरुआती शिक्षा आंध्र प्रदेश में ही हुई और इसके बाद उन्होंने हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी से साहित्य में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की थी. वर्ष 1970 में पढ़ाई के दौरान ही केसीआर राजनीति में हाथ आज़माने लगे और पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने रोजगार सलाहकार के तौर पर काम करना शुरू कर दिया था.
खबरों के मुताबिक चंद्रशेखर राव ने राजनीतिक करियर की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में की थी. वह साल 1985 में तेलुगूदेशम पार्टी में शामिल हुए थे. 1985 में तेलुगू देशम पार्टी में शामिल होने के बाद वह पहली बार एमएलए चुने गए थे. इसके अलावा वह साल 1987 में आंध्र प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री बने. चंद्रशेखर राव साल 1997 से वर्ष 1999 तक केंद्रीय मंत्री भी रहे.
केसीआर साल 1999 से साल 2001 तक आंध्र-प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष भी रहे. इसके बाद साल 2001 में तेलंगाना के अलग राज्य की मांग करते हुए उन्होंने तेलुगू देशम पार्टी से इस्तीफा दे दिया और तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (टीआरएस) का गठन किया. वह टीआरएस के चीफ बने और वर्ष 2004 में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरे.
इस दौरान उनकी पार्टी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और चुनाव में पांच सीटों पर जीत दर्ज की. तब केंद्र में यूपीए सरकार थी और यूपीए-1 में उन्हें साल 2004 से साल 2006 तक केंद्रीय श्रम और नियोजन मंत्री पद सम्भाला. वहीं जब तेलंगाना राज्य की स्थापना हुई तो उसके पहले मुख्यमंत्री केसीआर ही थे तब से वो लगातार मुख्यमंत्री हैं.
यह भी पढ़ें- UP Election 2022: क्या Gorakhpur में योगी को टक्कर दे पाएंगे चंद्रशेखर?
केसीआर वर्तमान में केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोल रहे हैं. हाल ही में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आर्थिक नीतियों से लेकर तेलंगाना के विकास की अनदेखी करने पर हमला बोला था. उन्हें वर्तमान राजनीति में पीएम मोदी के एक मुखर विरोधी के तौर पर देखा जाता है.
यह भी पढ़ें- VIP Security: एसपी सिंह बघेल के अलावा BJP के इतने नेताओं को मिला VIP सुरक्षा कवच
हमसे जुड़ने के लिए हमारे फेसबुक पेज पर आएं और डीएनए हिंदी को ट्विटर पर फॉलो करें.