भारत
पुलिस को शिकायत मिली थी कि प्रवीण यादव नाम के आदमी ने खुद को IPS अधिकारी बताकर और NSG में कंस्ट्रक्शन के ठेके का काम देने की बात कहकर ठगी की है.
डीएनए हिंदी: गुरुग्राम पुलिस ने हरियाणा के मानेसर में NSG कैंपस में कंस्ट्रक्शन का ठेका देने के नाम पर ठगी करने के आरोप में BSF के डिप्टी कमांडेट प्रवीण यादव को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने ठगी के आरोप में प्रवीण की पत्नी और बहन को भी गिरफ्तार किया है जो Axis Bank में मैनेजर है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस को नारायण दास इसरानी की तरफ से शिकायत मिली थी कि प्रवीण यादव नाम के आदमी ने खुद को IPS अधिकारी बताकर और NSG में कंस्ट्रक्शन के ठेके का काम देने की बात कहकर 65 करोड़ रुपयों की ठगी की है. ये पैसे आरोपी ने अपनी बहन रितु राज यादव जो Axis Bank में मैनेजर है, के जरिए फर्जी कंपनी के नाम से खुलवाए गए खातों में डलवाए थे.
मामले की शिकायत मिलने के बाद गुरूग्राम पुलिस ने SIT का गठन किया क्योंकि मामला NSG और IPS अधिकारी के नाम से जुड़ा था. जांच में पता चला कि प्रवीण यादव जो खुद को IPS अधिकारी बता रहा था, वो असल में BSF में डिप्टी कमांडेंट है और साल 2021 में डेपुटेशन पर NSG में तैनात था. यहां वह NSG के मानेसर हेडक्वार्टर में कंस्ट्रक्शन का काम देखता था. इसी दौरान उसने कई ठेकेदारों से संपर्क बनाए थे.
जांच में यह भी पता चला कि प्रवीण यादव को शेयर मार्किट में पैसे लगाने की आदत थी लेकिन वहां पर उसे काफी नुकसान हुआ था और उसी की भरपाई के लिए उसने ठगी का रास्ता अपनाया. आरोपी कांट्रेक्टरों को झांसे में लेने के लिए खुद को IPS अधिकारी बताता था और महंगी गाडियों का इस्तेमाल करता था ताकि लोगों को उसपर यकीन हो.
पुलिस के मुताबिक, जिस फर्जी कंपनी के नाम पर बैंक आरोपी ने 65 करोड़ रुपये लिए उसमें आरोपी प्रवीण यादव, पत्नी ममता यादव, बहन रितु राज यादव डायरेक्टर थे.
इधर जब आरोपी ने पीड़ित को NSG के हैदराबाद कैंपस का भी ठेका देने की बात कही तो उसे शक हुआ जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि इससे पहले भी आरोपी पर धोखाधड़ी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं और वह अब तक 125 करोड़ की ठगी कर चुका है.
पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रवीण यादव, पत्नी ममता यादव, Axis Bank में मैनेजर बहन रितुराज और दोस्त दिनेश को गिरफ्तार कर 13.81 करोड़ नकद और 6 गाड़ियां बरामद की हैं.