भारत
Goa News: गोवा सरकार के मंत्री गोविंद गावड़े ने जनजातीय कल्याण विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे लेकर अपनी ही सरकार को घेरा है. इसके बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से इस मुद्दे पर कार्रवाई करने और इस्तीफा देने की मांग की है.
Goa News: गोवा की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है, जिससे मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की मुश्किल बढ़ती दिख रही है. गोवा सरकार के कला, संस्कृति और जनजातीय कल्याण मंत्री गोविंद गावड़े ने सार्वजनिक रूप से अपनी ही सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप लगा दिए हैं. गावड़े ने खासतौर पर जनजातीय कल्याण विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए 'रिश्वतराज' का नाम दिया है. इन आरोपों के बाद विपक्षी दल कांग्रेस एक बार फिर एक्टिव हो गई है. कांग्रेस ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से इस मामले में कार्रवाई करने और अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की है.
'चुपचाप' हो जाता है सबकुछ
प्रेरणा दिवस के मौके पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम में मंत्री गोविंद गावड़े ने अपनी सरकार पर आरोप लगाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जनजातीय कल्याण विभाग में ठेकेदारों की फाइलें रिश्वत लेकर मंजूर की जाती हैं, और यह सब श्रम शक्ति भवन में 'चुपचाप' होता है. गावड़े ने कहा, 'टैक्सपेयर्स का पैसा लेने वाला जनजातीय कल्याण विभाग एक साधारण कार्यक्रम भी ठीक से आयोजित नहीं कर सकता, तो यह प्रशासनिक नियंत्रण की कमी को दर्शाता है.' उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 'ट्राइबल भवन' परियोजना, जिसका शिलान्यास उनके कार्यकाल में हुआ था, अब तक अधूरी क्यों है? गावड़े ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनजातीय समुदाय की लंबित मांगों को पूरा नहीं करती, तो वे आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेंगे.
कांग्रेस बोली- मुख्यमंत्री को देना चाहिए इस्तीफा
गावड़े के आरोपों के बाद कांग्रेस ने सरकार को घेर लिया है. कांग्रेस ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से इस्तीफा देने की मांग की है. कांग्रेस नेता सुनील कवठणकर नेसोशल मीडिया पर लिखा, 'जब सरकार के ही मंत्री भ्रष्टाचार की बात कर रहे हैं, तो यह साफ है कि व्यवस्था चरमरा चुकी है और मुख्यमंत्री को नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए.'
CM @DrPramodPSawant must immediately clarify on statement of Minister @Govind_Gaude and resign, taking responsibility of failed Governance, @BJP4Goa gutter of Corruption is overflowing with Ministers now confirming cash for files, following ex ministers and Speakers allegations.
— Sunil Kawthankar (@sunilkawthankar) May 25, 2025
खुलकर नहीं बोल रहे हैं इस मुद्दे पर भाजपा नेता
गावड़े के बयान को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है. भाजपा नेता भी इस मुद्दे पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं. हालांकि कुछ भाजपा नेताओं ने यह जरूर कहा है कि गावड़े के बयान को गलत संदर्भ में लिया गया है. इसके बावजूद फिलहाल गोविंद गावड़े के आरोपों के बाद गोवा की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है, जिससे सरकार के भीतर की खींचतान भी सामने आई है. साथ ही जनजातीय समुदायों के कल्याण से जुड़ी गंभीर चिंताएं भी उठी हैं. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ने की संभावना है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.