भारत
Eknath Shinde के साथ यह घटना जलगांव एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर रात हुई है, जहां वे 'पालकी यात्रा' में भाग लेने गए हुए थे और फिर वापस मुंबई लौट रहे थे.
Maharashtra News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) उस समय एक घंटे के लिए एयरपोर्ट पर फंस गए, जब उनके निजी विमान के पायलट ने अपनी ड्यूटी के घंटे पूरे होने की बात कहकर उड़ान भरने से इंकार कर दिया. यह घटना जलगांव एयरपोर्ट पर हुई, जहां एक धार्मिक यात्रा में शामिल होने गए शिंदे वापस मुंबई लौट रहे थे. शिंदे के साथ आए मंत्रियों ने पायलट को मनाने की कोशिश की. करीब एक घंटे बाद पायलट ने उनकी बात मान ली और उसके बाद ही महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम मुंबई वापस लौट सके. इस दौरान उन्होंने अपने निजी विमान में एक किडनी पेशेंट को भी लिफ्ट दी, जिसका इलाज के लिए तत्काल मुंबई पहुंचना बेहद जरूरी था.
ढाई घंटे देरी से जलगांव पहुंचे थे शिंदे
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे शुक्रवार को मुक्तईनगर के संत मुक्तई की 'पालकी यात्रा' में शामिल होने के लिए जलगांव गए थे. शिवसेना चीफ शिंदे को दोपहर 3.45 बजे जलगांव पहुंचना था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते उनका विमान करीब ढाई घंटे देर से जलगांव एयरपोर्ट पर लैंड हुआ. इसके बाद वे सड़क मार्ग से दो मंत्रियों गिरीश महाजन व गुलाबराव पाटिल के साथ मुक्तईनगर के लिए रवाना हुए. उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी भी थे.
रात 9.15 पर पहुंचे वापस एयरपोर्ट
पालकी यात्रा में शामिल होने और उसके बाद संत मुक्तई मंदिर में दर्शन करके शिंदे और उनकी टीम वापस जलगाांव एयरपोर्ट लौट आई. शिंद के रात 9.15 बजे जलगांव एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने विमान को मुंबई ले जाने का आदेश दिया, लेकिन पायलट ने उड़ान भरने से इंकार कर दिया. पायलट ने अपने काम के घंटे पूरे होने की जानकारी दी और बताया कि उसे उड़ान भरने के लिए फ्रेश क्लियरेंस लेने में थोड़ा वक्त लगेगा. NDTV की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि पायलट ने अपनी तबीयत खराब होने का भी हवाला दिया.
मंत्रियों के मनाने पर माना पायलट
सूत्रों के मुताबिक, पायलट को मंत्री गिरीश महाजन और गुलाबराव पाटिल ने अन्य अफसरों के साथ मनाने की कोशिश की. करीब 45 मिनट तक मान-मनौव्वल चलती रही, जिसके बाद पायलट उड़ान भरने के लिए मान गया. इसके बाद महाजन ने संबंधित एयरलाइंस के अधिकारियों से बात करके पायलट को उड़ान भरने के लिए क्लियरेंस दिलवाई, जिसके बाद शिंदे का विमान मुंबई के लिए रवाना हो सका.
किडनी पेशेंट को दी शिंदे ने अपने विमान में लिफ्ट
एकनाथ शिंदे ने वापस लौटते समय एक महिला किडनी पेशेंट को अपने विमान में लिफ्ट दी, जिसका सर्जरी के लिए तत्काल मुंबई पहुंचना जरूरी था. शीतल पाटिल नाम की यह महिला अपने पति के साथ मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंची थी, लेकिन उनकी फ्लाइट मिस हो गई थी. गिरीश महाजन को महिला की समस्या के बारे में पता चला तो उन्होंने एकनाथ शिंदे से बात की. इसके बाद पति-पत्नी को डिप्टी सीएम के विमान में लिफ्ट दे दी गई. डिप्टी सीएम के आदेश पर उनका विमान लैंड होने से पहले ही मुंबई एयरपोर्ट पर महिला के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था कर दी गई, जो उसे सीधे ऑपरेशन कराने वाले अस्पताल ले गई.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.