भारत
Delhi NCR Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आज उत्तराखंड हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बारिश हो सकती है. वहीं, 13 से 17 फरवरी के बीच आंधी-तूफान के साथ मौसम में बड़ा बदलाव दिख सकता है.
Delhi NCR Weather Update: फरवरी महीने में जहां एक ओर धूप तेज होने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही थी, वहीं अब मौसम विभाग ने एक बार फिर करवट लेते मौसम की चेतावनी जारी की है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी का दौर शुरू होने वाला है.
मौसम विभाग के अनुसार, 11 फरवरी यानी आज से ही जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. इन राज्यों में न केवल बारिश की संभावना है, बल्कि भारी बर्फबारी का भी अंदेशा जताया गया है. इससे तापमान में अचानक गिरावट आएगी और शीतलहर जैसी स्थिति दोबारा बन सकती है.
IMD ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल और उत्तराखंड समेत 6 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. इस दौरान-
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है.
हल्की से मध्यम बारिश मैदानी इलाकों को भिगो सकती है.
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में 13 फरवरी तक आसमान साफ रहने की उम्मीद है, हालांकि सुबह के वक्त हल्का कोहरा बना रहेगा. दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. 14 फरवरी के बाद यहां भी बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं का असर दिख सकता है.
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के राज्यों में इस पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा असर देखने को नहीं मिलेगा. यहां मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. आने वाले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच रहेगा और धीरे-धीरे गर्मी का अहसास बढ़ने लगेगा. इन राज्यों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से