भारत
मार्च के अंत तक भट्टियों का निर्माण पूरा हो जाएगा. इसके बाद यहां पालतू जानवरों का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा.
डीएनए हिंदी: द्वारका सेक्टर 29 में छोटे पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए बन रहे श्मशान घाट का काम जल्द ही पूरा होने वाला है. 700 वर्ग मीटर में बनने वाले इस श्मशान में अंतिम संस्कार के लिए दो सीएनजी भट्टियां होंगी. शेड्स के लिए पिलर्स का निर्माण हो चुका है, अब सिर्फ भट्टियां लगाना बाकी है.
पालतू जानवरों के अंतिम संस्कार के लिए डेडिकेटेड श्मशान घाट
साउथ एमसीडी के वेटनरी विभाग के अनुसार, दिल्ली में जितने भी डॉग या कैट लवर्स हैं, उनकी डिमांड थी कि पालतू जानवरों के अंतिम संस्कार के लिए डेडिकेटेड श्मशान घाट होना चाहिए. उनकी मांग पर एमसीडी ने कुछ साल पहले द्वारका सेक्टर 29 में डॉग शेल्टर के अंदर ही छोटे जानवरों के अंतिम संस्कार के लिए शमशान बनाने पर विचार किया.
ये भी पढ़ें- Delhi: AIIMS में बढ़ाया जा सकता है ब्लड सैंपल लेने का टाइम, राउंड द क्लॉक लैब चलाने पर हो रहा विचार
700 वर्ग मीटर में बनने वाले इस श्मशान में छोटे पालतू जानवरों (कुत्ते, बिल्ली, बकरी, बंदर आदि) के अंतिम संस्कार के लिए दो सीएनजी भट्टिया लगाई जा रही हैं. वेटनरी विभाग के अफसरों का कहना है कि मार्च के अंत तक भट्टियों का निर्माण पूरा हो जाएगा. इसके बाद यहां पालतू जानवरों का अंतिम संस्कार किया जा सकेगा.
देना होगा इतना शुल्क
अफसरों ने बताया कि पशुओं के लिए बनने वाले इस श्मशान घाट में आवारा कुत्तों का अंतिम संस्कार फ्री में हो सकेगा. इसके अलावा पालतू पशुओं को लाने की जिम्मेदारी उनके मालिक की होगी. 30 किलो से कम वजन वाले पालतू पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए 2 हजार रुपये और इससे ज्यादा वजन वाले पालतू पशुओं के अंतिम संस्कार के लिए 3 हजार रुपये शुल्क देना होगा.