भारत
Delhi News: दिल्ली यूनिवर्सिटी (Delhi University) के छात्रों ने कैंपस के करीब एक दुकान पर महीना भर पहले गोमांस बेचने के आरोप में हंगामा किया था. तब वहां जमकर बवाल मचा था, जिसके बाद मांस के तीन सैंपल लिए गए थे. इनमें से एक गोमांस का निकला है.
Delhi News: दिल्ली में ग्रॉसरी स्टोर पर गोमांस बिकने को लेकर हुए बवाल के एक महीना बाद दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है. दिल्ली यूनिवर्सिटी (Delhi University) के करीब विजयनगर इलाके में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने यह गिरफ्तारी दुकान से लिए गए मीट सैंपल की फोरेंसिक टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद की है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी नेपाल का रहने वाला है. उसे सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद पिछले सप्ताह के अंत में गिरफ्तार किया गया था. दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (नॉर्थवेस्ट) भीष्म सिंह ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है.
तीन सैंपल में से एक निकला है पॉजिटिव
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चमन कुमार (44) नाम के दुकानदार की ग्रॉसरी शॉप से मीट के तीन सैंपल लिए गए थे. इन्हें फोरेंसिक टेस्ट के लिए दिल्ली FSL भेजा गया था. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस के एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के टेस्ट में तीन में से एक सैंपल गोमांस का निकला है. बाकी दो सैंपल भैंस के मांस के पाए गए हैं. FSL रिपोर्ट मिलते ही मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन में पशु क्रूरता अधिनियम (Animal Cruelty Act) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की उचित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपी चमन को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जमकर हुआ था विजय नगर में इस मुद्दे पर बवाल
दिल्ली यूनिवर्सिटी नॉर्थ कैंपस के करीब विजय नगर में चमन की दुकान पर 28 मई को जमकर बवाल हुआ था. कुछ लोगों के एक समूह ने चमन पर गोमांस बेचने का आरोप लगाते हुए उसकी जमकर पिटाई की थी. ये सभी दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र बताए जा रहे थे. दुकान पर मांस बेचने की शिकायत 15 साल के एक बच्चे ने की थी, जिसका आरोप था कि चमन दुकान पर 400 रुपये किलोग्राम के रेट पर गोमांस बेच रहा है.
यह था पूरा मामला- Delhi Crime: दिल्ली यूनिवर्सिटी कैंपस के पास बिक रहा था गाय का मांस? दुकानदार की युवकों ने कर दी जमकर धुनाई
पुलिस ने मीट सैंपल लेकर सील कर दी थी दुकान
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुकान से मीट सैंपल लिए थे. इसके बाद उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया था और दुकान को सील कर दिया गया था. पुलिस ने कहा था कि गोमांस बेचने के शक में पब्लिक के कुछ लोगों ने दुकानदार से मारपीट की है. दुकानदार की मरहमपट्टी करा दी गई है और इलाके की सीसीटीवी फुटेज जुटाकर पूरे मामले को समझने की कोशिश की जा रही है. दुकानदार के साथ मारपीट के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने मॉडल टाउन पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करने की भी कोशिश की थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी थी. विजयनगर बेहद घनी आबादी वाला इलाका है, जिसमें ज्यादातर बिल्डिंगों में पेइंगगेस्ट खोले गए हैं. इनमें ज्यादातर दिल्ली यूनिवर्सिटी और सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए आने वाले युवा रहते हैं. यहां की दीवारों पर भी इसका असर देखा जा सकता है, जो SFI और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) जैसे छात्र संगठनों की नारेबाजी से पुती रहती हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.