भारत
Delhi Airport Updates: दिल्ली एयरपोर्ट देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में है. इसके बावजूद यहां करीब 3 महीने तक रनवे को एक मजबूरी के कारण बंद रखा जाएगा. इसके चलते दिल्ली से आने-जाने वाले पैसेंजर्स को दूसरे शहरों की दौड़ लगानी पड़ सकती है.
Delhi Airport Updates: यदि आप दिल्ली या इसके आसपास रहते हैं तो यह खबर आपके लिए है. देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट में से एक दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) महज 8 दिन बाद तीन महीने के लिए बंद होने जा रहा है. दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) को पूरी तरह बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि 15 जून से इसके रनवे 10/28 को बंद किया जाएगा. मेंटिनेंस के लिए बंद हो रहा यह रनवे आईजी एयरपोर्ट (IG Airport) के सबसे अहम रनवे में से एक है, जिसके चलते यहां से उड़ान भरने वाली 100 से ज्यादा फ्लाइट्स को तीन महीने के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया जाएगा. साथ ही 86 से ज्यादा विमानों की टाइमिंग बदली जाएगी. चलिए आपको इस खबर के बारे में विस्तार से समझाते हैं.
15 जून से 15 सितंबर तक रहेगा बंद
दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे 10/28 पर 15 जून से मेंटिनेंस का काम शुरू किया जाएगा. यह काम 15 सितंबर तक चलेगा. इस दौरान यह रनवे अस्थायी रूप से बंद रहेगा. इस दौरान रनवे को अपग्रेड करने का काम किया जाएगा. इससे इस रनवे से उड़ान भरने वाली बहुत सारी फ्लाइट्स के शेड्यूल में तब्दीली की गई है.
114 फ्लाइट्स रहेंगी रद्द, 86 होंगी रिशेड्यूल्ड
रनवे की मरम्मत के कारण वहां से उड़ान भरने वाली करीब 114 फ्लाइट्स को रोजाना कैंसिल किया जाएगा. इसके अलावा 86 फ्लाइट्स ऐसी होंगी, जिनका समय बदला जाएगा यानी उन्हें रिशेड्यूल्ड किया जाएगा. इससे रोजाना हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ सकती है.
तीन महीने के मेंटिनेंस के बाद कोहरे में भी उड़ेंगी फ्लाइट
दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन महीने तक मेंटिनेंस के दौरान रनवे 10/28 पर दो बड़े तकनीकी सुधार किए जाएंगे. इन तकनीकी सुधारों के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर हर साल सर्दी में होने वाली एक बड़ी परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा. दरअसल हर साल सर्दियों में कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग में मुश्किल होती है, जिसके चलते बड़े पैमाने पर फ्लाइट्स के रद्द होने या रिशेड्यूल्ड होने की नौबत आती है और यात्रियों को घंटों तक एयरपोर्ट पर बैठे रहना पड़ता है. अब मेंटिनेंस के बाद ऐसा नहीं होगा.
इसे किया जाएगा मेंटिनेंस में अपग्रेड
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर मेंटिनेंस के दौरान इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा. इसमें लैंडिंग और टेकऑफ ज्यादा सटीक और सुरक्षित होगा. इसके अलावा लो विजिबिल्टी में भी फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग कराने में मदद करने वाला CAT-3B सिस्टम भी इस दौरान लगाया जा रहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.