भारत
Bageshwar Dham Accident: बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र शास्त्री का शुक्रवार को जन्म दिन है. इसके लिए उनके अनुयायी दूर-दूर से छतरपुर पहुंच रहे हैं. इसी दौरान यह हादसा हुआ है.
Bageshwar Dham Accident: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम में बड़ा हादसा हो गया है. धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं के ऊपर गुरुवार को एक टिन शेड अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई है और 8 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. धाम में श्रद्धालुओं के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. घायलों को अस्पताल भेजा गया है. टिन शेड गिरने का कारण सुबह से हो रही भारी बारिश को माना जा रहा है. हादसे में मृत श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के बस्ती जिला निवासी बताए जा रहे हैं.
आरती के समय हुआ हादसा
बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री (Bageshwar Dham Sarkar Dhirendra Shashtri) के जन्मदिन पर धाम में खास आयोजन किया जा रहा है. इसके लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं. इसके चलते धाम में बेहद भीड़ थी. बागेश्वर धाम में सुबह से ही भारी बारिश हो रही थी. जानकारी के मुताबिक, इस कारण आरती के दौरान श्रद्धालु बारिश से बचने के लिए एक टिन शेड के नीचे खड़े थे. अचानक टिन शेड गिर गया, जिससे भगदड़ मच गई और कई लोग भीड़ के नीचे कुचले गए. कुछ लोग टिन शेड के नीचे दब गए. फटाफट लोगों ने मलबा हटाया तो 8 लोग घायल निकले, जबकि एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी. सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
लोहे का एंगल लगने से हुई श्रद्धालु की मौत
बागेश्वर धाम सरकार के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के बस्ती से भी एक परिवार आया हुआ था. सभी लोग गुरुवार को होटल से बागेश्वर धाम पहुंचे थे. इसी दौरान गिरे टिन शेड से निकला एंगल एक श्रद्धालु के सिर में लगा, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान बस्ती निवासी 50 वर्षीय श्यामलाल कौशल के रूप में हुई है, जो अपने दामाद राजेश कौशल व अन्य परिजनों के साथ आए हुए थे. हादसे में राजेश के अलावा उनके परिवार से पारुल, सौम्या, उन्नति आदि भी घायल हुए हैं. पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
4 जुलाई को होता है बागेश्वर धाम सरकार का जन्मदिन
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हैं. छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में 4 जुलाई, 1996 को धीरेंद्र कृष्ण का जन्म हुआ था. पर्ची निकालकर लोगों का भविष्य बताने वाले और रामकथा व भागवत कथा करने वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री के लाखों अनुयायी हैं. इसी कारण 4 जुलाई को उनका जन्मदिन मनाने के लिए धाम में हजारों श्रद्धालु पहुंचे हुए हैं.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.