Advertisement

Aligarh Factory Blast: अलीगढ़ में अचानक हुआ पेंट फैक्ट्री में ब्लास्ट, 200 मीटर दूर तक बिखरे ड्रम के टुकड़े, जानें पूरी बात

Aligarh Factory Blast: अलीगढ़ में हुए ब्लास्ट का कारण पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल में गर्मी के कारण क्रिया होने को माना जा रहा है. धमाके के कारण फैक्ट्री के 200 मीटर के दायरे में स्थानीय लोगों के घरों के खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं.

Latest News
Aligarh Factory Blast: अलीगढ़ में अचानक हुआ पेंट फैक्ट्री में ब्लास्ट, 200 मीटर दूर तक बिखरे ड्रम के टुकड़े, जानें पूरी बात

Aligarh में पेंट फैक्ट्री में धमाका होने के बाद गिरी दीवार.

Add DNA as a Preferred Source

Aligarh Factory Blast: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात हुए जबरदस्त विस्फोट ने पूरे जिले को हिलाकर रख दिया है. यह विस्फोट एक पेंट फैक्ट्री में हुआ है, जिसके चलते फैक्ट्री में रखे ड्रमों के टुकड़े उछलकर करीब 200 मीटर इलाके में फैल गए. इन टुकड़ों की चपेट में आकर कई लोगों के घायल होने की खबर है. साथ ही फैक्ट्री के 200-300 मीटर दायरे में मौजूद घरों की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं. पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी धमाके के कारणों की जांच कर रहे हैं. अब तक हुई जांच में यह माना जा रहा है कि फैक्ट्री के अंदर पेंट बनाने के लिए रखे गए केमिकल में गर्मी के कारण अचानक क्रिया होने से विस्फोट हुआ है. हालांकि सही कारण फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा.

धमाके से हिल गए आसपास के इलाके में घर
अलीगढ़ के रोरावर थाना क्षेत्र के नादा वाजिदपुर इलाके में सोनू नाम के एक शख्स की पेंट फैक्ट्री है. इस फैक्ट्री में सोमवार देर रात करीब 9.30 बजे अचानक ब्लास्ट हो गया. ब्लास्ट होने से केमिकल से भरे ड्रम के टुकड़े हवा में उड़कर दूर-दूर तक बिखर गए. धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में घर हिल गए, जिससे घबराकर लोग बाहर सड़कों पर दौड़ते दिखाई दिए. बहुत सारे घरों में शीशे चटक गए. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू कर लिया.

200 मीटर दूर टुकड़ा लगने से घायल हुआ युवक
ब्लास्ट के कारण हवा में बिखरे ड्रमों के टुकड़े दूर-दूर तक जाकर गिरे. करीब 200 मीटर दूर टहल रहे अभिषेक नाम के युवक के सिर में ड्रम का टुकड़ा लगने से वह घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे के बाहर है. इसके अलावा ड्रम के टुकड़े 100 मीटर दूर एक मैदान में और फैक्ट्री के करीब ही बने एक स्कूल की चौथी मंजिल की छत पर भी मिले हैं. रात का समय होने के कारण टुकड़ों के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है

फायर ब्रिगेड ने लिए सैंपल, लैब में होगी जांच
फायर ब्रिगेड के CFO अरविंद कुमार के मुताबिक, फैक्ट्री से कई सैंपल जुटाए गए हैं. इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल फैक्ट्री के अंदर प्राथमिक जांच की गई है और वहां मौजूद केमिकल के ड्रम को हटा दिया गया है. 

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगलफेसबुकxइंस्टाग्रामयूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement