भारत
Air India Plane Crash: लंदन जा रही एअर इंडिया फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही क्रैश हो गई है. इस फ्लाइट में क्रू मेंबर्स समेत 242 लोग सवार थे. इस हादसे को लेकर एअर इंडिया ने जानकारी साझा की है.
Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान संख्या AI171 क्रैश हो गया है. गुरुवार दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से 2 बच्चों समेत 232 यात्रियों और 10 केबिन क्रू मेंबर के साथ विमान ने लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के 4 मिनट बाद ही यह विमान क्रैश हो गया है. अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में गिरे विमान में मरने वालों की संख्या की अब तक पुष्टि नहीं हुई है. एअर इंडिया ने इस हादसे पर दुख जताया है. साथ ही हादसे का शिकार हुए विमान के यात्रियों के परिजनों को जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है. एअर इंडिया ने यह भी बताया है कि विमान में भारतीयों से अलग किस-किस देश के यात्री सवार थे.
इस हेल्पलाइन नंबर पर लें हादसे की पूरी जानकारी
ANI के मुताबिक, एअर इंडिया ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बारे में अधिक जानकारी देने के लिए एक समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर 18005691444 जारी किया है. एअर इंडिया ने मीडियाकर्मियों से इस नंबर पर फोन नहीं करने की अपील की है. यह नंबर केवल यात्रियों के परिजनों को उनके अपनों के बारे में जानकारी देने के लिए जारी किया गया है.
एअर इंडिया ने बताया किस देश के कितने यात्री थे सवार
एअर इंडिया ने बताया कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए फ्लाइट नंबर AI171 एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही क्रैश हो गई है. फ्लाइट में 242 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे. बोइंग 787-8 विमान में 169 भारतीय नागरिक सवार थे, जबकि 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक भी यात्रियों में शामिल थे. एअर इंडिया प्रवक्ता ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
Air India confirms that flight AI171, from Ahmedabad to London Gatwick, was involved in an accident today after take-off.
— Air India (@airindia) June 12, 2025
The flight, which departed from Ahmedabad at 1338 hrs, was carrying 242 passengers and crew members on board the Boeing 787-8 aircraft. Of these, 169 are…
एअर इंडिया अध्यक्ष ने कही हादसे पर ये बात
एअर इंडिया के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने हादसे पर कहा,'बहुत दुख के साथ मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद लंदन गैटविक उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. हमारी संवेदनाएं इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं. इस समय, हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों का साथ देने पर है. हम साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं. जैसे ही हमें और अधिक सत्यापित जानकारी प्राप्त होगी, आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे. एक आपातकालीन केंद्र सक्रिय कर दिया गया है और जानकारी मांगने वाले परिवारों के लिए सहायता टीम स्थापित की गई है.'
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.