भारत
Air India Plane Crash Effects: एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जाने वाली फ्लाइट ही पिछले दिनों हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें विमान में सवार 242 में से 241 लोगों समेत कुल 274 लोगों की मौत हो गई थी.
Air India Plane Crash Effects: गुजरात के अहमदाबाद शहर से लंदन जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार को ऐन मौके पर रद्द कर दी गई है. फ्लाइट को तकनीकी खराबी के चलते रद्द करने का फैसला लिया गया है, जिसके बाद यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है. बता दें कि अहमदाबाद में ही कुछ दिन पहले एअर इंडिया विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें विमान में सवार 242 में से 241 लोगों समेत कुल 274 लोगों की मौत हो गई थी. यह विमान भी अहमदाबाद से लंदन के गैटविक ही जा रहा था, लेकिन अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही विमान एक मेडिकल कॉलेज के सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर हॉस्टल और स्टूडेंट मैस के ऊपर क्रैश हो गया था. इसके बाद से ही एअर इंडिया के विमान लगातार चर्चा में बने हुए हैं.
अहमदाबाद हादसे के बाद पहली बार रवाना हो रही थी फ्लाइट
अहमदाबाद में एअर इंडिया ड्रीमलाइनर AI-171 अहमदाबाद-लंदन फ्लाइट 12 जून को हादसे का शिकार हुई थी. इसके बाद मंगलवार को पहला मौका था, जब एअर इंडिया किसी विमान को इस रूट पर रवाना करने जा रही थी. इस फ्लाइट का नंबर भी उस हादसे के चलते बदलक AI171 से AI159 कर दिया गया है. रवानगी से पहले ही विमान में एक तकनीकी खामी दिखाई दी, जिसके बाद इस फ्लाइट की रवानगी को रोक दिया गया.
अहमदाबाद हादसे में हॉस्टल की खिड़कियों से कूदकर बचे थे छात्र
12 जून को मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की बिल्डिंग पर विमान के क्रैश होने के बाद भयानक विस्फोट हुआ था. इस विस्फोट के कारण पूरी बिल्डिंग में आग लग गई थी. अब इस हादसे का एक नया वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में हादसे के बाद हॉस्टल की बिल्डिंग में जान बचाने के लिए छात्र खिड़कियों और बॉलकनी से नीचे कूदते नजर आ रहे हैं. बता दें कि हादसे के कारण इस पूरी बिल्डिंग में भी आग लग गई थी, जिसमें करीब 33 छात्रों की जान चली गई है.
सैन फ्रांसिस्को से आ रहा विमान भी रास्ते में हुआ खराब
सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात में भी एअर इंडिया के एक विमान में तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था. अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर से मुंबई आ रहे विमान को रास्ते में ही तकनीकी खराबी आने पर कोलकाता में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. विमान से सभी यात्री नीचे उतारे गए. इसके बाद इंजीनियर्स ने तकनीकी खराबी की जांच की और फिर विमान को यात्रियों के साथ मुंबई के लिए रवाना किया गया.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.