भारत
Ahmedabad Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया फ्लाइट नंबर AI171 मेडिकल कॉलेज पर क्रैश हुई है. अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रही फ्लाइट में 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे. इनमें से महज 1 यात्री बचा है. मेडिकल कॉलेज के कुछ स्टूडेंट्स की भी मौत विमान गिरने स
Ahmedabad Air India Plane Crash: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुए विमान हादसे में घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमें शुक्रवार सुबह भी जुटी हुई हैं. हादसे में मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद अब मलबे में से सबूत जुटाने का काम चल रहा है. अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए गुरुवार दोपहर 1.34 बजे उड़ी एअर इंडिया फ्लाइट नंबर AI171 महज 4 मिनट बाद ही मेघानी नगर के बीजे मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग पर क्रैश हो गई थी. विमान में सवार 230 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर्स में महज भारतीय मूल का एक ब्रिटिश नागरिक जिंदा बच सका है, जबकि मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स भी हादसे की चपेट में आ गए हैं. अब तक इस हादसे में कुल 265 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार शाम को ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वहां पहुंच गए हैं.
आइए आपको 5 पॉइंट्स में इस घटना से जुड़े ताजा अपडेट बताते हैं-
1. मृतकों में हॉस्टल बिल्डिंग में मौजूद स्टूडेंट्स शामिल
नीचे गिरते समय एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान कॉलेज की मेस बिल्डिंग से टकराया और फिर स्टूडेंट हॉस्टल की बिल्डिंग में जाकर अटक गया. विमान में कई हजार लीटर तेल होने के कारण हुए विस्फोट से बिल्डिंग में भी बेहद नुकसान हुआ है और उसमें मौजूद स्टूडेंटस भी हादसे की चपेट में आ गए हैं. विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हुई है, जबकि अहमदाबाद के डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक, कुल 265 लोग मारे गए हैं. मरने वाले बाकी लोगों में स्टूडेंट्स भी शामिल हैं.
2. अहमदाबाद में दो घंटे रहेंगे पीएम मोदी
हादसे के घायलों और मरने वालों के परिजनों से मिलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंच गए हैं. पीएम मोदी के विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर 8:30 बजे लैंड किया है. एयरपोर्ट पर उन्हें एयरपोर्ट पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात के बीजेपी अध्यक्ष सीआर पाटिल और केंद्रीय उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने रिसीव किया है. करीब 2 घंटे के दौरे में पीएम मोदी पहले बीजे मेडिकल कॉलेज पहुंचकर क्रैश साइट को देखेंगे. इसके बाद वे सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिलेंगे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना देंगे. इसके लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के निर्देश पर अहमदाबाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है और बैरिकेडिंग कर दी है. माना जा रहा है कि पीएम मोदी हादसे के बाद की प्रक्रिया की समीक्षा के लिए एक हाई प्रोफाइल मीटिंग भी ले सकते हैं.
VIDEO | Ahmedabad plane crash: Visuals from outside the Civil Hospital.
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/FfVyiwTbF6— Press Trust of India (@PTI_News) June 13, 2025
3. अमेरिकी टीम देगी जांच में साथ, ट्रंप ने दिया हर मदद का आश्वासन
अमेरिकी राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) के एक्सपर्ट्स की टीम अहमदाबाद हादसे की जांच भारत के Aircraft Accident Investigation Bureau की मदद करेगी. NTSB ने यह टीम भारत भेजने की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के उस ऐलान के बाद की है, जिसमें ट्रंप ने हादसे पर शोक जताते हुए हर तरह की मदद करने का आश्वासन दिया था. दरअसल एअर इंडिया का जो विमान हादसे का शिकार हुआ है, वो अमेरिकी कंपनी बोइंग का सबसे ज्यादा बिकने वाला ड्रीमलाइनर है. ऐसे में उसकी जांच में अमेरिका एक्सपर्ट ज्यादा मदद कर सकते हैं. NTSB की टीम AAIB की टीम के साथ मिलकर विमान के ब्लैक बॉक्स, फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर, फ्लाइट टेक्नीक, संरचनात्क जांच में मदद करेगी, जिससे इस हादसे के पीछे तकनीकी खामी थी या मानवीय चूक, ये बात स्पष्ट हो पाएगी.
4. DNA टेस्ट से की जाएगी शवों की पहचान
हादसे के दौरान विमान पूरी तरह आग का गोला बन गया था और उसका ईंधन दूर तक फैलने से आसपास का इलाका भी जल गया था. इसके चलते शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराए जाने का ऐलान किया है. उन्होंने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा कि यात्रियों और अन्य मृतकों के परिजनों का डीएनए सैंपल लिया जाएगा और उनका मिलान शवों के डीएनए से किया जाएगा. करीब 1,000 डीएनए टेस्ट किए जाएंगे, जिन्हें जल्द से जल्द पूरा करने के बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
5. पायलट ने कहा था- THRUST नहीं मिल रहा है
एअर इंडिया फ्लाइट के क्रैश होने का सही कारण तो ब्लैक बॉक्स की जांच के बाद ही पता चलेगा, लेकिन पायलट ने क्रैश होने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को यह कहा था कि THRUST नहीं मिल रहा है. इसका मतलब है कि विमान के दोनों इंजन फेल हो गए थे या किसी अन्य कारण से इंजन पॉवर पैदा नहीं कर सके थे, जिसके चलते विमान उड़ान भरते ही सीधा नीचे गिर गया. हालांकि इसके लिए STALL कंडीशन भी जिम्मेदार हो सकती है, जिसके विमान के विंग्स को ऊपर उड़ान भरने के लिए पर्याप्त हवा नहीं मिलने पर वह नीचे की तरफ आने लगता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.