Advertisement

Ahmedabad Air India Plane Crash: वॉल स्ट्रीट जर्नल का दावा- कैप्टन ने बंद किया था फ्यूल स्विच, जानें रिपोर्ट में क्या लिखा

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. इस रिपोर्ट में वॉल स्ट्रीट जर्नल ने AAIB की रिपोर्ट के हवाले से लिखा है कि फ्लाइट के कैप्टन ने फ्यूल स्विच बंद किया था.

Latest News
Ahmedabad Air India Plane Crash: वॉल स्ट्रीट जर्नल का दावा- कैप्टन ने बंद किया था फ्यूल स्विच, जानें रिपोर्ट में क्या लिखा
Add DNA as a Preferred Source

अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया प्लेन हादसे की प्राथमिक रिपोर्ट एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इनवेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने 12 जुलाई को प्रकाशित की थी. अब इस रिपोर्ट और एक्सपर्ट्स के हवाले से वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. इसमें दावा किया है कि फ्लाइट के कैप्टन ने फ्यूल स्विच बंद किया था. हालांकि, रिपोर्ट में यह लिखा है कि यह साफ नहीं है कि उनसे गलती से स्विच बंद हुआ या उन्होंने जानबूझकर ऐसा किया. इस रिपोर्ट की पायलट असोसिएशन ने निंदा की है. इस विमान हादसे में 275 लोगों की मौत हो गई थी. 

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने क्या लिखा?

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने दावा किया है कि उसकी रिपोर्ट अमेरिकी अधिकारियों की प्राथमिक जांच पर आधारित है. वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में लिखा गया- अधिकारियों ने हादसे से जुड़े सबूतों का विश्लेषण किया है. ब्लैक बॉक्स की रिकॉर्डिंग से ये पता चला है कि फ्लाइट के फर्स्ट ऑफिसर ने कैप्टन से पूछा था कि उन्होंने फ्यूल स्विच को बंद क्यों कर दिया. जवाब में कैप्टन ने कहा था कि उन्होंने ये नहीं किया है. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने लिखा है कि रिकॉर्डिंग में फर्स्ट ऑफिसर घबराए हुए लग रहे थे जबकि कैप्टन एकदम शांत थे.

कौन दो पायलट उड़ा रहे थे विमान

अहमदाबाद से लंदन जाने वाली इस फ्लाइट के कैप्टन सुमित सभरवाल थे, उनके पास 15,638 घंटे की फ्लाइंग का अनुभव था. वहीं, फ्लाइट के फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे, उनके पास 3403 घंटों का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था. दोनों की पायलट ड्रीमलाइनर विमान उड़ाने के लिए क्वालिफाइड थे. वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि फ्यूल स्विच कैप्टन सुमित सभरवाल से बंद हुआ था, हालांकि, उसने ये स्पष्ट नहीं किया है कि स्विच गलती से बंद हुआ था या उन्होंने जानबूझकर ऐसा किया था.

AAIB  की रिपोर्ट में क्या आया था

AAIB की रिपोर्ट में सामने आया था कि फ्यूल स्विच टेकऑफ के तुरंत बाद रन से कटऑफ में शिफ्ट हो गया था. इस वजह से विमान के दोनों इंजनों का फ्यूल सप्लाई रुक गया. प्लेन को थ्रस्ट नहीं मिल पाया और इस वजह से प्लेन क्रैश हो गया. इस रिपोर्ट में दोनों पायलट्स के बीच हुई आखिरी बातचीत का भी जिक्र किया गया था. लेकिन AAIB ने अपनी रिपोर्ट में ये साफ नहीं किया था कि कौन सी बात कौन से पायलट ने कही थी. AAIB की रिपोर्ट के मुताबिक, टेक ऑफ के 32 सेकंड्स के अंदर ही प्लेन क्रैश हो गया था.

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगलफेसबुकx,   इंस्टाग्रामयूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement