भारत
Rajasthan News: हादसे में घायल हुए लोगों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बारात मध्य प्रदेश में शादी करने के बाद वापस लौट रही थी.
Rajasthan News: राजस्थान में बुधवार सुबह एक भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबक 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. यह हादसा जयपुर-दौसा को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे पर हुआ, जिसमें एक ट्रक ने बारातियों से भरी जीप को टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही जीप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में दूल्हा-दुल्हन भी शामिल हैं. जयपुर ग्रामीण इलाके में हुए हादसे में 6 अन्य बाराती गंभीर घायल हुए हैं. उन सभी को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बारात मध्य प्रदेश गई थी और शादी के बाद दुल्हन लेकर वापस लौट रही थी.
जीप के मलबे में फंसे शव
जयपुर ग्रामीण के रायसर इलाके में भटकाबास गांव के पास हादसा हुआ है. जीप NH-148 पर दौसा से मनोहरपुर की तरफ जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर से उसकी टक्कर हो गई. बुधवार सुबह 6.10 बजे हुई आमने-सामने की टक्कर में जीप के इतनी बुरी तरह परखच्चे उड़ गए कि शव उसके मलबे में फंस गए. कई घायल भी मलबे में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने किसी तरह निकालकर निम्स अस्पताल में भर्ती कराया है.
हाइवे पर लगा रहा जाम
हादसे के बाद दोनों वाहनों का मलबा हाइवे पर बिखर गया. इसके चलते दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन थम गया और जाम लग गया. रायसर थाना पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर आवागमन शुरू कराया है. मृतकों और घायलों की शिनाख्त का काम किया जा रहा है. रायसर थाना प्रभारी रघुवीर के मुताबिक, घायलों के बयान लिए जा रहे हैं और उनसे पता लेकर परिजनों को जानकारी दी जा रही है. परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम शुरू कराया जाएगा.
ओवरलोडिंग के कारण हुआ हादसा?
हादसे का कारण जीप के ओवरलोड होने को माना जा रहा है. तूफान जीप में 14 से 15 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जबकि इसकी क्षमता अधिकतम 8-9 लोगों की होती है. यह भी बताया गया है कि हादसे के समय जीप और कैंटर दोनों ही बेहद तेज गति पर थे. इसके चलते दोनों के ड्राइवर आमने-सामने आने पर वाहनों को कंट्रोल नहीं कर सके और टक्कर हो गई.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.